शुगर मिल द्वारा लगभग 50 लाख क्विंटल गन्ना पेराई करने का लक्ष्य रखा गया है।
एनडी हिन्दुस्तान
शहजादपुर। नारायणगढ़ शुगर मिल बनौदी में आज गन्ना पेराई सत्र का विधिवत शुभारंभ हवन-यज्ञ के साथ किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच समृद्धि, सुरक्षा और सफल संचालन की कामना की गई।
शुभारंभ अवसर पर पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी तथा एसडीएम एवं शुगर मिल की सीईओ-कम-एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर शिवजीत भारती, डायरैक्टर फाइनेंस हरेन्द्र पाल सिंह वालिया, यूनिट हैड वी.के. सिंह, सीएफओं विजय भाटिया, केन मैनेजर प्रदीप राणा, एचआर मैनेजर लोकेंद्र कुमार, किसान यूनियनों के प्रतिनिधि एवं क्षेत्र के गन्ना उत्पादक किसान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
शुभ मुहूर्त में उपस्थित केन कैरियर में गन्ना डालकर पेराई सत्र की शुरुआत की गई। पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी ने किसानों को मिल चालू होने पर शुभकामनाएं देते हुए कहा यह मिल केवल एक उद्योग नहीं, बल्कि क्षेत्र के किसानों की उम्मीद, आर्थिक शक्ति और आत्मनिर्भरता का स्रोत है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के प्रयासों से किसानों का मिल पर विश्वास बढा है। उन्होंने मिल को लेकर किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता पर लिया है, जिसके परिणामस्वरूप आज पेराई सत्र शुरू हुआ है। डॉ. पवन सैनी ने कहा कि सरकार किसानों के साथ खड़ी है और भविष्य में और अधिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएगीं। मिल के पेराई सत्र के शुभारम्भ अवसर पर सबसे पहले गन्ना लेकर आने वाले पांच किसानों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया गया, क्योंकि गन्ना किसान ही इस उद्योग की असली शक्ति हैं।
किसानों व मिल प्रबंधन से सहयोग की अपील
सत्र के शुभारंभ पर एसडीएम शिवजीत भारती ने किसानों, मिल प्रबंधन और कर्मचारियों को बधाई दी और कहा—यह सत्र केवल मिल का संचालन नहीं, बल्कि हजारों किसानों की आजीविका और क्षेत्र की आर्थिक प्रगति से जुड़ा हुआ कदम है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष पेराई सत्र को अधिक सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संचालित करने का लक्ष्य तय किया गया है। किसानों के गन्ने के तौल, भुगतान व्यवस्था, पर्ची प्रणाली, कैंटीन की सुविधा तथा यार्ड में ट्राली खड़ी हो और किसी भी स्तर पर बाधा न आए, यह सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता किसान हित और सुचारू मिल संचालन है। किसान देश की backbone हैं। यदि किसान मजबूत होंगे तो उद्योग अपने आप मजबूत होगा। इसलिए मिल प्रबंधन और किसान मिलकर आपसी संवाद से इस सत्र को सफल बनाएं।
यूनिट हैड वी.के. सिंह ने भी मिल का पेराई सत्र शुरू होने की किसानों एवं मिल के कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि मिल का प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक गन्ना इस सत्र के दौरान पेराई किया जाए। उन्होने कहा कि गन्ना क्रेश करने का टारगेट लगभग 50 लाख क्विंटल का रखा गया है।
तकनीक आधारित पारदर्शिता पर जोर
कैन मैनेजर प्रदीप राणा ने बताया कि पिछले सत्र में मिल द्वारा लगभग साढे 42 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई की गई थी और इस बार 50 लाख क्विंटल पेराई करने का लक्ष्य रखा गया है।
गन्ने की पर्चियों के लिए एडवांस कैलेंडर प्रणाली लागू की गई है। इसके अतिरिक्त मिल प्रबंधन ने एक मोबाइल ऐप विकसित किया है, जिसके माध्यम से किसान अपना कलैण्डर, भुगतान, पर्ची स्थिति एवं अन्य जानकारियां आसानी से देख सकेंगे।
किसानों में उत्साह
सत्र शुरू होने पर किसानों में उत्साह देखा गया। किसानों ने आशा व्यक्त की कि इस वर्ष मिल सुचारू रूप से चलेगी और सुविधाएं पहले से बेहतर रहेंगी।
पहले गन्ना लेकर आने वाले किसानों का सम्मान–
मिल द्वारा परंपरा अनुसार पहले गन्ना लेकर आने वाले किसानों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में किसान ओम प्रकाश राणा शहजादपुर, मनोज कुमार बडागढ तथा कुलदीप सिंह डैहर सहित कुछ अन्य किसान शामिल है। इसके अलावा पिछले सत्र में जिन किसानों ने सबसे अधिक गन्ना मिल में डाला है, ऐसे 12 किसानों को भी सम्मानित किया गया है।
इस अवसर पर भाजपा शहजादपुर मण्डल प्रधान विक्रम राणा सहित काफी संख्या में किसान एवं किसान संगठनों के पदाधिकारी एवं मिल के अधिकारी मौजूद रहे।