एनडी हिन्दुस्तान
कुरुक्षेत्र। विदेश मंत्रालय, भारत सरकार, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय तथा कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के संयुक्त तत्वावधान में गीता महोत्सव के तहत ब्रह्मसरोवर पर स्थापित हरियाणा पवेलियन का 24 नवम्बर को भारत सरकार के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। पवेलियन को हरियाणा की पारंपरिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को एक ही छत्र के नीचे प्रदर्शित करने के उद्देश्य से विशेष रूप से तैयार किया गया है।
युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग के निदेशक प्रो. विवेक चावला ने बताया कि पवेलियन में हरियाणा की लोक सांस्कृतिक विरासत, ग्रामीण शिल्पकला, हथकरघा, लोकनृत्य, लोकवाद्य, प्रादेशिक खान-पान, कृषि-आधारित नवाचार, राज्य की उपलब्धियाँ और आधुनिक हरियाणा की झलक को आकर्षक रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। यहाँ आने वाले पर्यटक हरियाणा की संस्कृति, दर्शन, जीवनशैली और परंपराओं से रूबरू होंगे।
लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि पवेलियन के भीतर लगभग 70 स्टालों में लगाई गई कलाकृतियाँ, मॉडल, लाइव डेमो और लोक कलाकारों की प्रस्तुतियाँ आगंतुकों को हरियाणा की मिट्टी की खुशबू का अनोखा अनुभव कराएंगी। इसके माध्यम से गीता जयंती महोत्सव की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता को भी उजागर किया जाएगा, जिससे देश-विदेश से आए श्रद्धालु और पर्यटक न सिर्फ गीता के संदेश को समझ सकें बल्कि हरियाणा की समृद्ध लोक विरासत को भी करीब से महसूस कर सकें।