अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए
बाबा भीमराव अंबेडकर जी की मूर्ति पर किया माल्यार्पण
एनडी हिन्दुस्तान
करनाल। केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल ने मंगलवार को करनाल जिले के गांव मूनक तथा सालवन का दौरा किया और वहां चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान ग्राम वासियों ने केंद्रीय मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों से कार्यों की विस्तृत जानकारी ली तथा गुणवत्ता के साथ-साथ समयबद्धता सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इन कार्यों को और तेज गति से पूरा किया जाए ताकि ग्रामीणों को शीघ्र लाभ मिल सके। ग्राम पंचायतों के सरपंचों को भी विकास कार्यों के सुचारू संचालन एवं निगरानी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने गांव मूनक के अंबेडकर भवन में पंचायत समिति के साथ मीटिंग कर गांव के विकास कार्यों के बारे में चर्चा की और विकास कार्य में आने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी ली। सबसे पहले गांव में चल रही लाइब्रेरी के बारे में पूछा। इस दौरान सरपंच ने लाइब्रेरी के लिए कंप्यूटर की मांग की।
केंद्रीय मंत्री ने गांव के पानी की निकासी, तालाब के सौंदर्यीकरण के बारे में जानकारी ली। उन्होंने सिंचाई विभाग द्वारा लगभग 3 किलोमीटर के कच्चे नाले को पक्का करने के कार्य को मंजूरी दी। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने मूनक स्थित स्टेडियम का भी दौरा किया। गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल ने करनाल जिले के 9 बड़ेे गावों को गोद लिया है। इन गांवों में स्थानीय लोगों की आवश्यकताओं, सुविधाओं तथा मांगों के अनुसार व्यापक विकास कार्य करवाने का उनका यह ड्रीम प्रोजेक्ट है। इन गांवों में सडक़, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, सामुदायिक भवन, खेल मैदान आदि मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विकास किया जा रहा है।
दौरे के दौरान पूर्व सांसद संजय भाटिया, सांसद प्रतिनिधि कवीन्द्र राणा, जिला के वरिष्ठ अधिकारी तथा संबंधित विभागों के कर्मचारी, मूनक सरपंच फूल कुमारी, सालवन सरपंच जयबीर फौजी, मार्केट कमेटी के अध्यक्ष प्रवीण राणा, एससी मोर्चा के जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश, मंडल अध्यक्ष अमित राणा सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।