एनडी हिन्दुस्तान
करनाल। बाबू मूलचंद जैन राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में आत्मनिर्भर भारत- घर-घर स्वदेशी, हर घर स्वदेशी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में स्वर्णिम भारतवर्ष फाउंडेशन के अध्यक्ष सतीश कुमार चावला एवं पंजाब नेशनल बैंक के सेवानिवृत्त महाप्रबंधक ने विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में स्वदेशी की भूमिका पर विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने छात्र-छात्राओं को उद्यमी बनकर राष्ट्र को आगे बढ़ाने में योगदान देने के लिए प्रेरित किया और इसके लिए सुझाव एवं मार्गदर्शन भी दिया।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रवीण लाठर, स्वदेशी जागरण मंच हरियाणा प्रांत प्रमुख (वरिष्ठ नागरिक आयाम) सुरेश पुरी एवं हरियाणा सफाई कर्मचारी आयोग के वाइस चेयरमैन आजाद उपस्थित रहे। जिला अध्यक्ष प्रवीण लाठर ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए आत्मनिर्भरता और स्वदेशी के महत्व पर प्रकाश डाला। सुरेश पुरी ने विद्यार्थियों को स्वदेशी अपनाने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम का मंच संचालन गुलशन ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में मनीष हरपाल का विशेष योगदान रहा। संस्थान के प्रधानाचार्य राकेश भाटिया ने अतिथियों का स्वागत किया और विद्यार्थियों को स्वदेशी अपनाने एवं आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।