एनडी हिन्दुस्तान
कुरुक्षेत्र। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान द्वारा संचालित गीता निकेतन आवासीय विद्यालय, कुरुक्षेत्र में सप्तशक्ति संगम कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नारी सशक्तिकरण तथा समाज में महिलाओं की भूमिका को और अधिक सुदृढ़ करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं माँ शारदा की वंदना के साथ हुआ। विद्यालय के प्राचार्य नारायण सिंह जी ने अतिथि महानुभावों का परिचय कराया। तत्पश्चात विद्यालय की वरिष्ठ आचार्या डॉ. गार्गी शर्मा ने कार्यक्रम की प्रस्तावना प्रस्तुत की। संगीत आचार्या सविता सेठ एवं छात्राओं द्वारा प्रस्तुत भावपूर्ण गीत “हम ही मातृशक्ति हैं” ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. सुमन राजन जी (संस्कृति विभागाध्यक्ष, दयानंद महिला महाविद्यालय, कुरुक्षेत्र) ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में मातृशक्ति को कुटुंब प्रबोधन एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि मातृशक्ति में नारायण के सात स्वरूप निहित हैं तथा भारतीय संस्कृति में कुटुंब व्यवस्था का विशेष महत्व है। इसके बाद कार्यक्रम की अध्यक्षा श्रीमती रीटा गोयल जी (प्रधानाचार्या, अग्रसेन पब्लिक स्कूल, कुरुक्षेत्र) ने भारत के विकास में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने नारी शक्ति को अपने अंतर्निहित गुणों पर गर्व करने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया, जिसमें उन माताओं को सम्मानित किया गया जिनके बालकों ने शैक्षिक, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों में विशेष उपलब्धियाँ प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया है। इसके पश्चात् प्रश्नोत्तरी सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें मातृशक्ति ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इसी क्रम में छात्राओं द्वारा विभिन्न वीरांगनाओं के स्वरूपों की प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई, जिसके माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नारी शक्ति ही राष्ट्र की वास्तविक आधारशिला है। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. नीरू (संयुक्त निदेशक, स्वर्ण जयंती हरियाणा वित्तीय प्रबंधन संस्थान) ने “वर्तमान परिस्थितियाँ और महिलाएँ” विषय पर प्रकाश डाला। उन्होंने अपने जीवन अनुभव सांझा करते हुए महिलाओं को शिक्षित, आत्मनिर्भर एवं आत्मविश्वासी बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अनुभव-कथन सत्र में माताओं ने विद्यालय के संस्कारमय वातावरण के प्रति अपने भावपूर्ण अनुभव साझा करते हुए कार्यक्रम की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। अंत में विद्यालय की आचार्या सोनिया शर्मा जी ने अतिथि महानुभावों एवं उपस्थित समस्त मातृशक्ति के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. उपासना मेहता (गायनेकोलॉजिस्ट, मेहता सर्जिकल अस्पताल, कुरुक्षेत्र), क्षेत्रीय संयोजिका योगिता अहलूवालिया तथा श्रीमती हर्षा अरोड़ा (मातृ भारती समिति) की गरिमामयी उपस्थिति रही।