एनडी हिंदुस्तान
कुरुक्षेत्र। हरियाणा में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (एनईपी-2020) के प्रभावी कार्यान्वयन को प्रोत्साहित करने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले संस्थानों को सम्मानित करने के उद्देश्य से “हरियाणा राज्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 कार्यान्वयन उत्कृष्टता पुरस्कार-2025” का आयोजन हरियाणा राज्य उच्च शिक्षा परिषद द्वारा सोमवार को स्वर्ण जयंती भवन, पंचकूला में आयोजित किया गया।इस समारोह में सर्वप्रथम देश में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) को सबसे पहले सभी प्रावधानों के साथ प्रभावी रूप से लागू करने पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय (केयू) को हरियाणा राज्य उच्च शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित पुरस्कार समारोह में राष्ट्रीय शिक्षा नीति क्रियान्वयन उत्कृष्टता सम्मान-2025 में प्लैटिनम अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा एवं हरियाणा राज्य उच्च शिक्षा परिषद के अध्यक्ष डॉ. कैलाश चंद्र शर्मा द्वारा कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा को प्रदान किया गया। सभी सरकारी व निजी विश्वविद्यालयों के बीच आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर के मूल्यांकन में केवल कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय को ही प्लैटिनम श्रेणी में चुना गया। मूल्यांकन में पुरस्कार तीन श्रेणियों प्लैटिनम, गोल्ड एवं सिल्वर में दिए गए। 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले संस्थान को प्लैटिनम, 75 से 90 प्रतिशत वालों को गोल्ड तथा 75 प्रतिशत से कम अंक प्राप्त करने वालों को सिल्वर अवॉर्ड प्रदान किया गया। परिणामस्वरूप 10 विश्वविद्यालयों/महाविद्यालयों को गोल्ड, 16 को सिल्वर, जबकि प्लैटिनम अवॉर्ड केवल कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय को प्राप्त हुआ।इस अवसर पर हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को इसके सभी प्रावधानों के साथ सर्वप्रथम पूरे देश में समयबद्ध और प्रभावी ढंग से लागू कर देशभर के विश्वविद्यालयों के लिए उदाहरण प्रस्तुत किया है। बहुविषयक शिक्षा, लचीले पाठ्यक्रम, कौशल विकास और छात्र-केंद्रित शिक्षण के क्षेत्र में केयू की पहल सराहनीय है।हरियाणा राज्य उच्च शिक्षा परिषद के अध्यक्ष डॉ. कैलाश चंद्र शर्मा ने कुवि कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा को प्लैटिनम अवार्ड की बधाई देते हुए कहा कि एनईपी के सफल क्रियान्वयन में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की भूमिका अग्रणी रही है। शैक्षणिक गुणवत्ता, नवाचार और प्रशासनिक दक्षता के उच्च मानकों के कारण ही केयू को प्लैटिनम अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है।कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय हरियाणा का एकमात्र सरकारी विश्वविद्यालय है जिसे नैक द्वारा ए-प्लस-प्लस ग्रेड प्राप्त है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को इसके सभी आयामों के साथ कुवि में ही नहीं बल्कि संबंधित महाविद्यालयों में लागू करने वाला देश का पहला विश्वविद्यालय है। इस सम्मान से कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय पहचान और प्रतिष्ठा और अधिक सशक्त हुई है तथा यह उपलब्धि अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। यह उपलब्धि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के नेतृत्व, शिक्षकों और कर्मचारियों की सामूहिक मेहनत का परिणाम है।कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि एनईपी के अंतर्गत बहुविषयक शिक्षा, लचीली पाठ्यक्रम व्यवस्था, अकादमिक बैंक ऑफ क्रेडिट, कौशल विकास तथा शोध एवं नवाचार को विशेष प्राथमिकता दी गई है, जिसका सीधा लाभ विद्यार्थियों को मिल रहा है। प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने यह भी कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने शिक्षा के साथ-साथ खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। विश्वविद्यालय के खिलाड़ी एवं सांस्कृतिक दल निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर केयू का गौरव बढ़ा रहे हैं।हरियाणा के मुख्यमंत्री के ओएसडी डॉ. राज नेहरू ने भी कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को इसके सभी प्रावधानों सहित देश में सर्वप्रथम लागू कर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के दूरदर्शी नेतृत्व, सुदृढ़ प्रशासनिक व्यवस्था और शिक्षकों के समर्पण का परिणाम है।