स्वच्छता की उड़ान अभियान के साथ दिया स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 का संदेश
विधायक व मेयर ने उड़ाई कचरे को पांच वर्गों के पृथक्करण का प्रतीक पांच रंगीन पतंंगें
एनडी हिन्दुस्तान
यमुनानगर। नगर निगम ने शहरी बुनियादी ढांचे को सशक्त करने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। हमीदा क्षेत्र में विकसित किए जाने वाले ‘हमीदा पार्क’ का विधिवत शिलान्यास के बाद स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 के अंतर्गत एक विशेष जन-जागरूकता अभियान के रूप में आयोजित किया गया, जिसे नगर निगम ने “स्वच्छता की उड़ान” नाम दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक घनश्याम दास अरोड़ा व विशिष्ट अतिथि महापौर सुमन बहमनी रहे। उनके साथ नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद एवं अतिरिक्त नगर आयुक्त धीरज कुमार भी मौजूद रहे। समारोह के दौरान स्वच्छता का संदेश देने के लिए एक अनूठी पहल की गई। अतिथियों ने पांच विभिन्न रंगों की पतंगें उड़ाकर अभियान का सांकेतिक शुभारंभ किया। ये पांच रंगीन पतंगें कचरे के पांच वर्गों में पृथक्करण (सोर्स सेग्रीगेशन) का प्रतीक थीं। इसका उद्देश्य नागरिकों को कचरा प्रबंधन के वैज्ञानिक और तकनीकी पहलुओं के प्रति जागरूक करना था।महापौर सुमन बहमनी ने अपने संबोधन में स्वच्छता को लेकर दूरदर्शी सोच साझा की। उन्होंने कहा कि हमीदा पार्क का निर्माण शहर की सुंदरता और हरियाली को नई पहचान देगा, लेकिन इसकी वास्तविक सफलता तभी होगी जब शहर का प्रत्येक कोना स्वच्छ रहेगा। उन्होंने शहरवासियों से स्वच्छता को केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीवन का संस्कार बनाने का आह्वान किया। महापौर ने कहा कि कचरा पृथक्करण केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक और सामाजिक दायित्व है। यदि हर परिवार अपने घर से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में बांटकर निगम के वाहनों को सौंपे, तो यमुनानगर स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में शीर्ष स्थान प्राप्त कर सकता है।विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने विकास कार्यों में जनभागीदारी की अहमियत पर जोर देते हुए कहा कि सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा और स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि केंद्र, राज्य और नगर निगम के समन्वय से शहर में निरंतर विकास कार्य किए जा रहे हैं, लेकिन इनकी सफलता जनता के सहयोग के बिना संभव नहीं है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाएं। नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद व अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार ने स्वच्छ भारत मिशन और स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 के मानकों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने लोगों को घर पर ही गीले और सूखे कचरे सहित अन्य श्रेणियों में कचरा अलग करने की प्रक्रिया समझाई और इसके पर्यावरणीय लाभों पर प्रकाश डाला। समारोह का समापन स्वच्छ, सुंदर और कचरा-मुक्त यमुनानगर के संकल्प के साथ किया गया।