एनडी हिन्दुस्तान
कुरुक्षेत्र। श्री महावीर जैन पब्लिक स्कूल में एसएचओ रमनदीप कौर ने अपनी टीम के साथ विद्यालय के छात्रों, विशेषकर बालिकाओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान वर्तमान समय की परिस्थितियों को मद्देनज़र रखते हुए उन्होंने बालिकाओं को मानसिक एवं शारीरिक रूप से मजबूत बनने के लिए प्रेरित किया।
एसएचओ रमनदीप कौर ने छात्राओं को बताया कि आज के समय में स्वयं की सुरक्षा के प्रति सजग रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सरकार द्वारा जारी हेल्पलाइन मोबाइल नंबरों एवं विभिन्न सुरक्षा ऐप्स के बारे में जानकारी दी तथा समय-समय पर काम आने वाली इन ऐप्स को अपने मोबाइल में डाउनलोड करने का महत्व भी समझाया, ताकि आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त की जा सके।
इस उपयोगी एवं प्रेरणादायक मार्गदर्शन कार्यक्रम के लिए विद्यालय की प्रधानाचार्या पूजा शर्मा ने बालिकाओं के हित में किए गए इस सराहनीय प्रयास हेतु एसएचओ रमनदीप कौर एवं उनकी टीम का हार्दिक धन्यवाद व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों की आवश्यकता पर बल दिया।