तीनों से वसूले 4500 रुपये जुर्माना, जोडियो, फर्कपुर व वर्कशॉप रोड पर निगम की टीम ने की कार्रवाई
एनडी हिन्दुस्तान
यमुनानगर। खुले में गंदगी डालने वालों की अब खैर नहीं होगी। खुले में जो भी दुकानदार या अन्य नागरिक कचरा डालेगा तो उसके खिलाफ नगर निगम द्वारा कार्रवाई की जाएगी। सोमवार को नगर निगम की टीम ने वर्कशॉप रोड पर ढाबा संचालक, फर्कपुर व जोड़ियों में दो शराब ठेके के कारिंदों पर कार्रवाई की। ढाबा कारिंदों व ढाबा संचालक द्वारा खुले में गंदगी डाली हुई थी। जिस पर शराब ठेके के कारिंदों के दो-दो हजार रुपये व ढाबा संचालक का 500 रुपये का चालान किया। साथ ही उन्हें चेतावनी दी गई कि यदि दोबारा खुले में गंदगी डाली तो दुकान का सामान जब्त किया जाएगा।
नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर अतिक्रमण करने वाले, प्रतिबंधित पॉलीथिन बेचने वाले और खुले में गंदगी फैलाने वालों पर वार्ड एक से 11 तक सीएसआई हरजीत सिंह व वार्ड 12 से 22 तक सीएसआई विनोद बेनीवाल के नेतृत्व में टीमें गठित की गई है। सोमवार को एसआई सुशील शर्मा की टीम को फर्कपुर में एक शराब ठेके के कारिंदे द्वारा ठेके के पास गंदगी फैलाई हुई मिली। आसपास के लोगों ने पूछताछ की गई तो पता चला कि गंदगी ठेके के कारिंदे द्वारा फैलाई हुई है। जिसके बाद शराब ठेके के कारिंदे का मौके पर ही दो हजार रुपये का चालान किया गया और गंदगी को मौके से साफ कराया गया। इसी तरह टीम को जोड़ियो के पास भी शराब ठेके के बाहर गंदगी फैली हुई मिली। जांच करने पर पता चला कि यह गंदगी शराब ठेके के कारिंदे द्वारा डाली गई थी। निगम की टीम ने उसका भी दो हजार रुपये का चालान किया। साथ ही ठेके के कारिंदों को चेतावनी दी गई कि यदि दोबारा यहां गंदगी डाली तो सामान जब्त किया जाएगा। निगम द्वारा उन्हें केवल निगम के वाहन में ही कचरा डालने के निर्देश दिए गए। इसके बाद निगम की टीम ने वर्कशॉप रोड पर ढाबा संचालक का खुले में गंदगी डालने पर पांच सौ रुपये का चालान किया। साथ ही उसे समझाया गया कि वह अपना सामान केवल अपनी दुकान के अंदर ही रखे। खुले में कचरा न फैलाएं और न ही सामान सड़क तक फैलाएं। एसआई सुशील शर्मा ने दुकानदारों को समझाया कि दुकान से निकलने वाला कचरा केवल अपने डस्टबिन में रखे। जब निगम की गाड़ी उनकी दुकान के पास आए तो वह कचरा उस वाहन में डाले। उन्होंने कहा कि शहर को सुंदर, साफ व स्वच्छ बनाने के लिए सभी नगर निगम का सहयोग करें। कोई भी नागरिक खुले में व नालों नालियों में कचरा न डाले। कचरा केवल डोर टू डोर आने वाले नगर निगम के वाहनों में ही डाले। शहर को सुंदर, साफ व स्वच्छ बनाने में सभी निगम का सहयोग करें।