एनडी हिन्दुस्तान
यमुनानगर। सरस्वती हेरिटेज बोर्ड के वाइस चेयरमैन धूमन सिंह किरमच ने जानकारी देते हुए बताया कि सरस्वती नगर स्थित सरस्वती धाम में माननीय मुख्यमंत्री के आशीर्वाद से बोटिंग की सुविधा शुरू कर दी गई है। लंबे समय से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की मांग को देखते हुए यह सुविधा प्रारंभ की गई है, जिससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं को एक नया अनुभव मिलेगा।उन्होंने बताया कि सरस्वती धाम एक अत्यंत पवित्र और आस्था का केंद्र है, जहां दूर-दूर से श्रद्धालु अपने पूर्वजों की स्मृति में जलामचन करने तथा धार्मिक अनुष्ठान करने के लिए आते हैं। हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचकर अपने पूर्वजों के प्रति श्रद्धा प्रकट करते हैं। इस स्थान के प्रति लोगों की गहरी आस्था और विश्वास है, जिसके कारण यहां देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु पहुंचते हैं।धूमन सिंह किरमच ने बताया कि सरस्वती सेवा समिति का भी लंबे समय से यह उद्देश्य रहा है कि सरस्वती धाम में बोटिंग की सुविधा शुरू की जाए, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को धार्मिक आस्था के साथ-साथ प्राकृतिक वातावरण का भी आनंद मिल सके। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और आशीर्वाद से अब यह सुविधा शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि सरस्वती धाम में बोटिंग शुरू होने से यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में भी बढ़ोतरी होगी। यहां का शांत वातावरण और प्राकृतिक सौंदर्य लोगों को अपनी ओर आकर्षित करता है।धूमन सिंह किरमच ने यह भी बताया कि सरस्वती धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समय-समय पर विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं, ताकि यहां आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने प्रदेश के लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने परिवार सहित सरस्वती धाम अवश्य आएं और यहां आकर अपने पूर्वजों के लिए जलामचन करें तथा इस पवित्र स्थल की धार्मिक महत्ता और प्राकृतिक सौंदर्य का अनुभव करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बोटिंग सुविधा शुरू होने से यह तीर्थ स्थल श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए और अधिक आकर्षण का केंद्र बनेगा।