एनडी हिन्दुस्तान
मोहाली । समाज में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और उनकी उपलब्धियों को सम्मान देने के उद्देश्य से खालसा कॉलेज (अमृतसर) ऑफ टेक्नोलॉजी एंड बिजनेस स्टडीज, फेज-3ए, मोहाली में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. हरीश कुमारी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 10 प्रभावशाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, सामाजिक सेवा, प्रशासन, मीडिया और उद्यमिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को मंच पर सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों को सराहा गया। सम्मानित महिलाओं में आभा बंसल, सामाजिक कार्यकर्ता एवं अमे फाउंडेशन की चेयरपर्सन; अरुणा शर्मा वशिष्ठ, नगर पार्षद; रुचिका शर्मा व्यास, चेयरमैन ऑल इंडिया राहत फाउंडेशन; हरदीप कौर, प्रेसिडेंट दिशा ट्रस्ट और ब्यूरो चीफ चढ़दीकला टाइम टीवी; ओपिंदर कौर, प्रेसिडेंट जनरेशन सेवियर एसोसिएशन; तथा डॉ. उमा शर्मा, पूर्व जिला जनसंपर्क अधिकारी सहित अन्य महिलाएं शामिल रहीं।कार्यक्रम की शुरुआत अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए की गई, जिसमें महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक भूमिका को रेखांकित किया गया।इस अवसर पर कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. हरीश कुमारी ने कहा कि आज की महिला हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर नई ऊंचाइयों को छू रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रेरणादायक महिलाओं को सम्मानित करना नई पीढ़ी को आगे बढ़ने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित करता है।कार्यक्रम के दौरान कॉलेज की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिनमें नृत्य, लघु नाटक, और कविता के माध्यम से महिला शक्ति और उनकी उपलब्धियों को दर्शाया गया। इन प्रस्तुतियों को उपस्थित सभी लोगों ने खूब सराहा।कार्यक्रम का समापन महिलाओं के सम्मान, समानता और सशक्तिकरण के संदेश के साथ हुआ, जिसने विद्यार्थियों और उपस्थित अतिथियों को समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।