फैक्ट्री के बाहर फैलाई हुई थी गंदगी, ट्रैक्टर चालक सड़क पर फैला रहे थे कचरा
ढाबा व कबाड़ी की दुकान के बाहर गंदगी डालने पर की गई कार्रवाई
एनडी हिन्दुस्तान
यमुनानगर। खुले में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ नगर निगम ने सख्ती की हुई है। नगर निगम द्वारा रोजाना कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को नगर निगम की टीम ने वार्ड 12 में गंदगी फैलाने पर फैक्ट्री संचालक समेत नौ ट्रैक्टर ट्रॉली चालकों के चालान किए। इनमें ढाबा मालिक, कबाड़ विक्रेता व छह ट्रैक्टर ट्रॉलियों के चालक शामिल है। यह कार्रवाई उपायुक्त एवं नगर निगम आयुक्त प्रीति व अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार के निर्देशों पर मुख्य सफाई निरीक्षक सफाई निरीक्षक विनोद बेनीवाल के नेतृत्व में बनी टीम द्वारा की गई। टीम में शामिल सफाई निरीक्षक सुशील शर्मा, सफाई निरीक्षक सतबीर सिंह व अन्य कर्मी वार्ड 12 में पहुंचे। निगम की टीम ने शादीपुर में एक फैक्ट्री के बाहर काफी मात्रा में गंदगी डाली हुई मिली। जांच में पता चला कि यह गंदगी फैक्ट्री की है। इस पर नगर निगम की टीम ने फैक्ट्री संचालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसका चालान किया और मौके से गंदगी को साफ कराया। इसी दौरान शादीपुर खजूरी रोड पर गंदगी फैलाते जा रहे प्लाई पत्ते, लकड़ी के बुरादे व अन्य अवशेषों से भरे छह ट्रैक्टर ट्रॉली चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। सफाई निरीक्षक सुशील कुमार ने मौके पर ही सभी ट्रैक्टर ट्रॉली चालकों के चालान किए। जांच में पाया गया कि ट्रॉली में भरा सामान ठीक से ढका नहीं था और चलते समय प्लाई पत्ते व कचरा सड़क पर गिर रहा था, जिससे यातायात में बाधा और गंदगी फैल रही थी। सफाई निरीक्षक सुशील शर्मा ने ट्रैक्टर चालकों को निर्देश दिए कि भविष्य में सामान को रस्सियों से अच्छी तरह बांधकर तथा तिरपाल से ढककर ही ले जाया जाए, ताकि रास्ते में कचरा और सामग्री न गिरे। इसी दौरान शादीपुर में सड़क पर काफी मात्रा में कबाड़ फैलाने पर कबाड़ी के खिलाफ नगर निगम की टीम ने कार्रवाई की। निगम की टीम ने कबाड़ व्यवसायी का मौके पर चालान किया और सड़क पर फैले कचरे व कबाड़ का साफ कराया। इसके बाद निगम की टीम खजूरी रोड स्थित एक ढाबा मालिक का चालान किया। ढाबे के बाहर खुले में गंदगी डालने पर निगम की टीम ने कार्रवाई की। निगम की टीम ने उन्हें गंदगी डालने के लिए डस्टबिन का इस्तेमाल करने और खुले में गंदगी न फैलाने के प्रति समझाया।अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण के मद्देनजर शहर की साफ-सफाई को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें और खुले में कचरा फैलाने से बचें, ताकि शहर को स्वच्छ और सुंदर शहर बनाया जा सके। शहर को स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिकता है। खुले में कचरा फैलाने वालों के खिलाफ नियमित रूप से सख्त अभियान चलाए जाएंगे। दुकानदारों और वाहन चालकों को नियमों का पालन करना होगा। यदि भविष्य में कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाते पाया गया तो उसके खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।