एनडी हिन्दुस्तान
यमुनानगर । नगर निगम चुनाव को लेकर अंबाला में सियासी सरगर्मियां तेज़ हो गई हैं। इसी बीच अपने निवास पर मीडिया से बातचीत करते हुए मेयर सुमन बहमनी ने भाजपा की जीत का दावा किया।उन्होंने कहा कि अंबाला नगर निगम चुनाव में भाजपा पूरी मजबूती के साथ मैदान में है और पार्टी की मेयर प्रत्याशी अक्षिता सैनी को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है। उन्होंने बताया कि वह स्वयं भी अंबाला में लगातार जनसंपर्क अभियान चला रही हैं और हर वर्ग से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। सुमन बहमनी ने दावा किया कि इस बार अंबाला के सभी 20 वार्डों में भाजपा जीत दर्ज करेगी और मेयर पद पर अक्षिता सैनी भारी मतों से विजयी होंगी। उन्होंने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रदेश सरकार के विकास कार्यों के कारण जनता का भरोसा भाजपा पर और मजबूत हुआ है। मेयर ने कहा कि शहरों के विकास, स्वच्छता, बुनियादी सुविधाओं और जनहित के मुद्दों पर भाजपा ने निरंतर कार्य किया है, जिसका लाभ आम जनता को मिल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि अंबाला समेत प्रदेश के अन्य निकायों में इस बार भाजपा का “कमल” खिलेगा और पार्टी ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। गौरतलब है कि नगर निगम चुनाव के नजदीक आते ही राजनीतिक दलों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है, जिससे चुनावी मुकाबला और भी रोचक होता जा रहा है।