एनडी हिन्दुस्तान
रेवाड़ी।जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी अभिषेक मीणा की देखरेख में बुधवार को लघु सचिवालय के सभागार में नगर परिषद रेवाड़ी और नगर पालिका धारूहेड़ा के वार्डों और चेयरपर्सन के चुनाव को लेकर प्रतिनिधियों की उपस्थिति में कंप्यूटरीकृत प्रणाली से ईवीएम व वीवीपैट की प्रथम रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया पूरी की गई। डीसी ने बताया कि रेंडमाइजेशन चुनाव प्रक्रिया का एक अहम हिस्सा है। जिसके तहत निष्पक्ष ढंग से कंप्यूटरीकृत प्रणाली के माध्यम से मशीनों का चयन किया जाता है। रेंडमाइजेशन के दौरान मशीनों की नगर परिषद रेवाड़ी व नगर पालिका धारूहेड़ा के अनुसार सूची तैयार की गई। डीसी ने उपस्थित प्रतिनिधियों से कहा कि यदि उन्हें चुनाव संबंधी किसी प्रकार का संशय हो तो वे समय रहते अपने संशय दूर कर लें। उन्होंने कहा कि जिला में होने वाले नगर निकाय चुनाव में राज्य चुनाव आयोग हरियाणा द्वारा दी गई हिदायतों की पूरी तरह से पालना सुनिश्चित की जाएगी।आम चुनाव के लिए ऑब्जर्वर नियुक्त, नागरिक लोक निर्माण विश्राम गृह में दे सकते है सुझाव या शिकायत जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि नगरपरिषद रेवाड़ी व नगरपालिका धारूहेड़ा आम चुनाव 2026 की निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया संपन्न करवाने के उद्देश्य से सामान्य, पुलिस व व्यय पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। उन्होंने बताया कि नगर परिषद रेवाड़ी के लिए जगनिवास को सामान्य पर्यवेक्षक (जनरल ऑब्जर्वर) व पुलिस आब्जर्वर अभिषेक जोरवाल को नियुक्त किया गया है। वहीं नगर पालिका धारूहेड़ा के लिए सामान्य पर्यवेक्षक (जनरल ऑब्जर्वर) तरुण कुमार पावरियां व पुलिस आब्जर्वर संगीता कालिया को नियुक्त किया गया है। डीसी ने बताया कि कोई भी नागरिक लोक निर्माण विश्राम गृह रेवाड़ी के सभागार में संबंधित पर्यवेक्षक के समक्ष चुनाव को लेकर सुझाव या शिकायतें दे सकते हैं। इसके अलावा दूरभाष नंबर 01274-220033 पर भी संपर्क कर सुझाव या शिकायत दर्ज करवा सकते है। डीसी ने बताया कि नगर परिषद रेवाड़ी व नगर पालिका धारूहेड़ा में प्रीति चौधरी को व्यय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। इस अवसर पर सामान्य पर्यवेक्षक जगनिवास, नगर परिषद के रिटर्निंग अधिकारी एवं एडीसी राहुल मोदी, नगर पालिका धारूहेड़ा के रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम रेवाड़ी सुरेश कुमार सहित अन्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।