यमुनानगर से 32 श्रद्धालु गए प्रथम ज्योतिर्लिंग श्री सोमनाथ महादेव के दर्शन के लिए
एनडी हिन्दुस्तान
यमुनानगर। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र से सोमनाथ दर्शन के लिए विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए अपने संबोधन में कहा कि कुरुक्षेत्र से भगवान शिव के प्रथम ज्योतिर्लिंग श्री सोमनाथ महादेव के दर्शन के लिए विशेष ट्रेन को रवाना करना मेरा परम सौभाग्य है। उन्होंने प्रदेश से इस यात्रा पर जाने वाले 1100 श्रद्धालुओं को हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि भगवान सोमनाथ के समक्ष पूरे हरियाणा तथा पूरे भारत की सुख समृद्धि के लिए प्रार्थना करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सोमनाथ मंदिर का इतिहास भारत की धैर्य गाथा का इतिहास रहा है। उन्होंने कहा कि 11 मई 1951 को भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद ने सोमनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण कर इसका उद्घाटन किया था। आजादी के बाद सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे हो गए हैं। इस अवसर पर देश भर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व मनाया जा रहा है जो जनवरी 2027 तक चलेगा। प्रदेश सरकार ने कोई भी श्रद्धालु आर्थिक अभाव के कारण तीर्थ यात्रा से वंचित न रहे इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना चलाई है।
उपायुक्त प्रीति ने भगवान शिव के प्रथम ज्योतिर्लिंग श्री सोमनाथ महादेव की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की मंगलमय यात्रा की कामना करते हुए बताया कि यह योजना 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्गों के लिए विशेष रूप से लाभकारी साबित हो रही है। योजना के अंतर्गत ऐसे परिवारों के वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता दी जाती है, जिनकी वार्षिक आय 1 लाख 80 हजार रुपये तक है। अब तक प्रदेश के हजारों बुजुर्ग इस योजना का लाभ उठाकर विभिन्न तीर्थ स्थलों के दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी इस योजना के तहत श्रद्धालुओं के लिए अयोध्या धाम के लिए अंबाला से विशेष तीर्थ ट्रेन और श्री हजूर साहिब नांदेड़ के लिए दो ट्रेन कुरूक्षेत्र और सिरसा से रवाना की गई थी।
डीसी ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत अत्यंत समृद्ध है, जहां हजारों वर्षों से आस्था के केंद्र मौजूद हैं। हर व्यक्ति की इच्छा होती है कि वह जीवन में कम से कम एक बार इन पवित्र स्थलों के दर्शन करे और सरकार की यह योजना उसी भावना को साकार कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए इच्छुक श्रद्धालुओं को मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के पोर्टल पर पंजीकरण करवाना होता है। जिसके बाद सरकार द्वारा प्लान तैयार किया जाता है कि किसी धार्मिक स्थल की यात्रा करवानी है।
उन्होंने बताया कि विशेष ट्रेन में सवार होते समय यमुनानगर के 32 श्रद्धालुओं के चेहरों पर उत्साह और खुशी साफ झलक रही थी। श्रद्धालुओं ने सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार जताते हुए कहा कि यह योजना गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के सहयोग से उन्हें भगवान शिव के प्रथम ज्योतिर्लिंग श्री सोमनाथ महादेव के दर्शन करने का अवसर मिल रहा है, जो उनके लिए एक यादगार अनुभव रहेगा।