एनडी हिन्दुस्तान
यमुनानगर । एसडीएम विश्वनाथ ने एसडीएम कार्यालय में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशानुसार मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत कार्यक्रम के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी व ट्रेनिंग प्रदान करने के संबंध में 08 जगाधरी विधानसभा क्षेत्र में नियुक्त सभी सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार निर्धारित कार्यक्रम के तहत मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण कार्य किया जाएगा।एसडीएम विश्वनाथ ने बताया कि बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं के एन्यूमरेशन फॉर्म भरवाएंगे, फोटो अपडेट करेंगे तथा हस्ताक्षर करवाकर फॉर्म प्राप्त करेंगे। साथ ही नए मतदाताओं के लिए आवश्यक फॉर्म-6 भी उपलब्ध करवाए जाएंगे। मतदाता ऑनलाइन पोर्टल voters.eci.gov.in के माध्यम से भी आवेदन कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि 14 जून से 26 जून तक जिले के सभी मतदान केंद्रों का युक्तिकरण (रेशनलाइजेशन) किया जाएगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी मतदान केंद्र पर 1200 से अधिक मतदाता न हों। उन्होंने बताया कि 21 जुलाई को प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 21 जुलाई से 18 सितंबर तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। जिन मतदाताओं का नाम सूची में शामिल नहीं होगा, उन्हें नोटिस जारी किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि राजनीतिक दलों के बीएलए भी मतदाताओं को फॉर्म भरने, दस्तावेज जमा करवाने तथा अन्य प्रक्रियाओं में सहयोग करेंगे।एसडीएम ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जब बीएलओ घर-घर सर्वेक्षण के लिए आएं तो उन्हें पूरा सहयोग दें। मतदाता अपने नाम, पता, जन्मतिथि तथा अन्य विवरणों की जांच प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद अवश्य करें और किसी भी त्रुटि की स्थिति में निर्धारित समय अवधि के भीतर दावा या आपत्ति दर्ज करवाएं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा का पालन करना अत्यंत आवश्यक है और सभी दावे एवं आपत्तियां तय अवधि के दौरान ही स्वीकार की जाएंगी। निर्धारित दस्तावेजों के आधार पर उनके दावों का निपटारा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के अंतर्गत योग्य मतदाताओं के नाम जोड़ने, संशोधन एवं आपत्तियों के निपटान की प्रक्रिया निर्धारित तिथियों के अनुसार पूरी की जाएगी। इसी प्रकार बीएलओ द्वारा घर-घर सत्यापन 15 जून 2026 से 14 जुलाई 2026 तक व मतदान केंद्रों का युक्तिकरण 14 जुलाई 2026 तक, प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 21 जुलाई 2026 को होगा। उन्होंने बताया कि दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 21 जुलाई 2026 से 20 अगस्त 2026 तक, दावे एवं आपत्तियों का निपटान 21 जुलाई 2026 से 18 सितंबर 2026 तक तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 22 सितंबर 2026 को होगा।उन्होंने बताया कि मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर सर्वे अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने राजनैतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों से अपील की है कि बीएलओ से तालमेल बना कर मतदाता सूची का सर्वे करवाएं। उन्होंने कहा कि किसी मतदाता की मृत्यु हो चुकी है, कोई मतदाता दिए गए पत्ते से स्थानांतरित हो चुका है तो उसका नाम मतदाता सूची से हटवाने की कार्यवाही की जाएगी। बीएलओ को उसके कार्य में राजनैतिक दलों द्वारा नियुक्त किए जाने वाले बीएलए के माध्यम से पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाए।इस अवसर पर नायब तहसीलदार आनंद रावल, प्रिंसिपल राजकीय महाविद्यालय छछरौली डॉ. सुनील तनेजा,ग्राम सचिव प्रदीप कुमार,आईटीआई छछरौली के प्रिंसिपल दीपेश महेन्द्रू, बीईओ सुनीता देवी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।