एनडी हिन्दुस्तान
चण्डीगढ । मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए श्रीनिवास ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों एवं निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि गणना प्रपत्रों का वितरण समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए तथा बीएलओ को आवश्यक प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन भी उपलब्ध करवाया जाए जिससे राज्य में पुनरीक्षण कार्य प्रभावी एवं पारदर्शी तरीके से सपन्न हो सके।उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार हरियाणा राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के अन्तर्गत गणना प्रपत्रो की छपाई एवंम वितरण का कार्य निर्धारित कार्यक्रम अनुसार किया जा रहा है।हरियाणा राज्य में 23 जिले एवंम 90 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र है जिन पर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं निर्वाचन पंजीयन अधिकारी नियुक्त है। इन प्रपत्रो को निर्वाचन पंजीयन अधिकारीयो के माध्यम से सभी बीएलो को वितरित किया जा रहा है ताकि वह अपने अपने मतदान क्षेत्रों में घर घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन एवं आवश्यक जानकारी एकत्रित कर सकें।उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है। इसके लिए बीएलओ प्रत्येक परिवार से संपर्क कर पात्र मतदाताओं का विवरण प्राप्त करेंगे तथा नए मतदाताओं का पंजीकरण मृत अथवा स्थानांतरित, मतदाताओं के नामों का सत्यापन और आवश्यक संशोधन संबंधी जानकारी एकत्र करेंगे।मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे बीएलओ को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाकर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सहयोग करें ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।