हमारे देश की आत्मा गांवों में बसती है और गांवों की आत्मा किसानों में बसती है, किसान मजबूत होगा तो भारत विकसित राष्ट्र बनेगा: डा. अर्चना गुप्ता
पीएम मोदी के नेतृत्व में 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण का नया अध्याय लिखा है: डा. अर्चना गुप्ता
जींद में मिले से सम्मान गदगद हुई प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा – यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि भाजपा के प्रत्येक समर्पित कार्यकर्ता का सम्मान है
कार्यकर्ताओं के परिश्रम से भाजपा का संगठन गांव-गांव और घर-घर तक मजबूत हुआ है: डा. अर्चना गुप्ता
डॉ. अर्चना गुप्ता ने बैलगाड़ी की सवारी की – कहा – बैलगाड़ी की यह पारंपरिक सवारी उन्हें अपनी जड़ों और ग्रामीण संस्कृति के और अधिक निकट ले आई है: डा. अर्चना गुप्ता
एनडी हिन्दुस्तान
चंडीगढ़। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता का जींद पहुंचने पर कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, नेताओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों द्वारा भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार जींद आगमन पर जिले भर में अनेक स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए। विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर, मालाएं पहनाकर तथा ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच उनका भव्य स्वागत किया। भाजपा जिला कार्यालय पहुंचने पर ज़िला अध्यक्ष तेजेन्द्र ढुल्ल, मंत्री कृष्ण बेदी, डिप्टी स्पीकार कृष्ण मिड्डा, ज़िला प्रभारी मदन लाल गोयल, सफीदों विधायक रामकुमार गौतम, विधायक देवेन्द्र अत्री, मुख्यमंत्री के मीडिया कोर्डिनेटर अशोक छाबड़ा सहित पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता का जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने इस दौरान भारत माता की जय, मोदी नायब जिंदाबाद, अर्चना गुप्ता जिंदाबाद तथा भाजपा जिंदाबाद के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।अपने स्वागत से गदगद हुई डॉ. अर्चना गुप्ता ने सभी कार्यकर्ताओं, नेताओं और नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें मिला यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि भाजपा के प्रत्येक समर्पित कार्यकर्ता का सम्मान है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है और उसी की मेहनत, तपस्या तथा समर्पण के कारण भाजपा आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य भी कर रहे हैं। कार्यकर्ता गरीब, जरूरतमंद और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सेतु की भूमिका निभा रहे हैं। यही कारण है कि भाजपा का संगठन गांव-गांव और घर-घर तक मजबूत हुआ है।
किसानों के हित में लगातार काम कर रही मोदी और नायब सरकार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि जींद किसानों की धरती है और हरियाणा की पहचान भी किसान और कृषि से जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि किसान समृद्ध होगा तो देश समृद्ध होगा। हमारे देश की आत्मा गांवों में बसती है और गांवों की आत्मा किसानों में बसती है। यदि किसान मजबूत होगा तो भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करेगा।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार किसानों के कल्याण के लिए लगातार योजनाएं बनाकर उन्हें धरातल पर लागू कर रही हैं। सरकार का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना और खेती को अधिक लाभकारी बनाना है।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत करोड़ों किसानों को प्रतिवर्ष छह हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। किसानों को आधुनिक और वैज्ञानिक खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। सॉयल हेल्थ कार्ड योजना के माध्यम से किसानों को अपनी भूमि की गुणवत्ता की जानकारी मिल रही है, जिससे वे उपयुक्त फसल का चयन कर रहे हैं और उर्वरकों का संतुलित उपयोग कर पा रहे हैं।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा देश का पहला ऐसा राज्य है जहां 24 फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद की जा रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किसानों से किया गया अपना वादा पूरा किया है और आज प्रदेश में किसानों के दाने-दाने की खरीद सुनिश्चित की जा रही है।डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने रासायनिक खादों के कम उपयोग का आह्वान किया है। उसी दिशा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित कर रहे हैं। सरकार किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए हर संभव सहायता उपलब्ध करा रही है और आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित कर रही है।
महिलाओं, युवाओं और गरीबों के उत्थान के लिए समर्पित है सरकार
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि मोदी सरकार और नायब सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए तेजी से कार्य कर रही हैं। प्रदेश में महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से बड़ी संख्या में महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की लाडो लक्ष्मी योजना महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। इस योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक मजबूती मिल रही है और उनका आत्मविश्वास बढ़ रहा है। इसके अलावा सरकार द्वारा महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और रोजगार को लेकर भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य गांवों को इतना विकसित बनाना है कि लोगों को रोजगार और सुविधाओं के लिए शहरों की ओर पलायन न करना पड़े। गांवों को पक्की सड़कों, बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और आधुनिक सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि गांव विकसित होंगे तभी भारत विकसित राष्ट्र बनेगा।*प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विश्व मंच पर मजबूत हुआ है और भारत की प्रतिष्ठा निरंतर बढ़ी है
मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर बोलते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण का नया अध्याय लिखा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विश्व मंच पर मजबूत हुआ है और भारत की प्रतिष्ठा निरंतर बढ़ी है। गरीबों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, युवाओं के लिए स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया और रोजगार सृजन जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव लाया है।
पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत आर्थिक, सामरिक, तकनीकी और वैश्विक नेतृत्व के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज भारत आर्थिक, सामरिक, तकनीकी और वैश्विक नेतृत्व के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए केंद्र और हरियाणा सरकार मिलकर कार्य कर रही हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा कार्यकर्ताओं के सहयोग और जनता के आशीर्वाद से विकास की यह यात्रा और अधिक गति पकड़ेगी तथा भारत 2047 तक विश्व का अग्रणी विकसित राष्ट्र बनेगा।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। कृष्ण बेदी ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाएं तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
डिप्टी स्पीकर कृष्ण मिड्डा ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और उनके समर्पण तथा मेहनत के बल पर संगठन निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता का स्वागत करते हुए कहा कि डा. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में संगठन नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।इस अवसर पर मंत्री कृष्ण बेदी, डिप्टी स्पीकार कृष्ण मिड्डा, ज़िला अध्यक्ष तेजेन्द्र ढुल्ल, ज़िला प्रभारी मदन लाल गोयल, सफीदों विधायक रामकुमार गौतम, विधायक देवेन्द्र अत्री, मुख्यमंत्री के मीडिया कोर्डिनेटर अशोक छाबड़ा, योगेश बैरागी, अमर पाल राणा,, एडवोकेट विजय पाल, कालीराम पटवारी, जवाहर सैनी, भारत भूषण टाक, डॉ राज सैनी, जिला मीडिया प्रभारी राकेश बैरागी सहित कार्यकर्ता, नेता व गणमान्य लोग मौजूद रहे।
जींद में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता का भव्य स्वागत, बैलगाड़ी की सवारी कर जताया कार्यकर्ताओं का आभार
जगह-जगह पुष्पवर्षा और अभिनंदन से अभिभूत हुईं प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता
हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के जींद आगमन पर कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों और विभिन्न समाजों द्वारा जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार अपने ससुराल जींद पहुंचीं डॉ. गुप्ता का स्वागत पूरे शहर में उत्सव जैसा दिखाई दिया। स्वागत कार्यक्रमों के दौरान कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा की, फूल-मालाएं पहनाईं और भारत माता की जय तथा भाजपा के समर्थन में जोरदार नारे लगाए।भरताना चौक पर करण प्रताप सिंह और उनकी टीम ने डॉ. अर्चना गुप्ता का भव्य स्वागत किया। इसके बाद कोर्ट परिसर के बाहर सैन समाज तथा मदनलाल ढींगरा चौक पर राजेश नायक और उनके साथियों ने उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर हरियाणा सरकार में मंत्री कृष्ण बेदी तथा भाजपा जिला अध्यक्ष तेजेंद्र ढोलकिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।
काफिले के साथ बढ़ता गया जनसैलाब
गोहाना रोड पर पुल के निकट दिलबाग संडील और उनके साथियों ने प्रदेश अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया, जिस पर डॉ. गुप्ता ने सभी का आभार व्यक्त किया। जैसे-जैसे उनका काफिला आगे बढ़ता गया, वैसे-वैसे स्वागत करने वालों की संख्या भी बढ़ती गई। नगर परिषद परिसर में स्वागत संयोजक डॉ. राज सिंह और उनकी टीम ने अभिनंदन किया, जबकि अंबेडकर चौक पर बबबू गोयल और उनके साथियों ने उनका जोरदार स्वागत किया।व्यापार मंडल के प्रधान अनिल अग्रवाल एवं उनके साथियों ने भी पुष्पवर्षा कर प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। वहीं राजकीय महाविद्यालय के सामने युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष नवीन शर्मा और उनकी टीम ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। इस दौरान डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि उन्हें जगह-जगह मिल रहा प्रेम, सम्मान और समर्थन अभिभूत कर रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं का उत्साह, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने गौशाला में की गौसेवा
जींद के रुपैया चौक पर हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर कृष्ण मिड्डा और उनकी टीम ने भी डॉ. गुप्ता का स्वागत किया। बाद में उन्होंने जींद गौशाला पहुंचकर गोमाताओं को गुड़ और हरा चारा खिलाया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौसेवा को सेवा, करुणा और पुण्य का प्रतीक माना गया है। गोमाता की सेवा और संरक्षण हम सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना भी की।*किसानों और भारतीय संस्कृति का सम्मान हमेशा सर्वाेपरि रहेगा: डा. अर्चना गुप्ता*अपने ससुराल जींद पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने डॉ. अर्चना गुप्ता को बैलगाड़ी की पारंपरिक सवारी कराई। इस दौरान उन्होंने कहा कि जींद की बहू होने के नाते यहां के हर किसान और हर परिवार से उनका दिल का रिश्ता है। उन्होंने कहा कि बैलगाड़ी की यह पारंपरिक सवारी उन्हें अपनी जड़ों और ग्रामीण संस्कृति के और अधिक निकट ले आई है। डॉ. गुप्ता ने कहा कि बुजुर्गों, किसानों और आम लोगों के बीच बैठकर जो स्नेह और अपनापन मिला, उसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि जनता का अटूट विश्वास और प्रेम ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है तथा किसानों और भारतीय संस्कृति का सम्मान हमेशा सर्वाेपरि रहेगा।