30 जून के बाद पूरे ब्याज समेत नगर निगम वसूलेगा प्रॉपर्टी टैक्स
तीनों निगम कार्यालयों में सौ प्रतिशत ब्याज माफी के साथ जमा किया जा रहा प्रॉपर्टी टैक्स
एनडी हिन्दुस्तान
यमुनानगर। प्रॉपर्टी टैक्स के बकाएदार 30 जून तक बिना ब्याज दिए अपना प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवा सकते है। एकमुश्त प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाने पर उस पर लगा ब्याज शत-प्रतिशत माफ है। ब्याज की माफी की सरकार की यह योजना केवल 30 जून तक है। संपत्ति मालिक तीनों नगर निगम कार्यालयों में अपना प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाकर सरकार की ब्याज माफी योजना का लाभ उठा सकते है। 30 जून के बाद नगर निगम द्वारा पूरे ब्याज समेत प्रॉपर्टी टैक्स वसूला जाएगा और प्रॉपर्टी टैक्स के बकाएदारों की संपत्ति सील करने की कार्रवाई की जाएगी।मेयर सुमन बहमनी ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा एकमुश्त प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने पर शत प्रतिशत ब्याज माफी की योजना शुरू की गई है। जिसके अनुसार वर्ष 2010-11 से 2024-25 तक के प्रॉपर्टी टैक्स बकाये पर लगने वाले पूरे ब्याज को माफ किया गया है। 30 जून तक जो भी संपत्ति मालिक अपना प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराता है, उसके प्रॉपर्टी टैक्स पर लगा पूरा ब्याज माफ होगा। प्रॉपर्टी मालिक जगाधरी, कन्हैया साहिब चौक और शहीद भगत सिंह चौक स्थित नगर निगम कार्यालयों के नागरिक सुविधा केंद्रों में टैक्स जमा करवा सकते है। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ केवल उन्हीं करदाताओं को मिलेगा, जो निर्धारित समय सीमा तक बकाया राशि जमा कराने के साथ-साथ अपनी संपत्ति को स्वयं सत्यापित कराएंगे। 30 जून के बाद पूरे ब्याज समेत प्रॉपर्टी टैक्स वसूला जाएगा। मेयर सुमन बहमनी ने सभी प्रॉपर्टी टैक्स के बकाएदारों से अपील की है कि वे 30 जून से पहले बिना ब्याज दिए अपना संपत्ति कर जमा कराएं और अपनी संपत्ति को सील होने से बचाएं।
एक लाख रुपये से अधिक टैक्स के बकाएदारों की होगी संपत्तियां सील
क्षेत्रीय कराधान अधिकारी अजय वालिया ने बताया कि नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी क्षेत्र में लगभग दो लाख 17 हजार 500 संपत्तियां है। काफी संख्या में ऐसे बकाएदार है, जिनके पास प्रॉपर्टी टैक्स लंबित है। बकाएदारों के पास 30 जून तक बिना ब्याज दिए अपना प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने का मौका है, इसके बाद बकाएदारों की संपत्ति सील करने की कार्रवाई की जाएगी। प्रॉपर्टी धारकों से अपील है कि वे सरकार की इस योजना का लाभ उठाए और बिना ब्याज दिए अपना प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराएं। समय अवधि खत्म होने पर पूरे ब्याज समेत टैक्स वसूला जाएगा। जल्द निपटाए प्रॉपर्टी टैक्स संबंधित ऑब्जेक्शन – मेयर सुमन बहमनी ने प्रॉपर्टी टैक्स से संबंधित ऑब्जेक्शन निपटाने के लिए निगम अधिकारियों को आदेश जारी किए है। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रॉपर्टी टैक्स पर ब्याज माफी की योजना शुरू की है। कुछ लोगों ने योजना का लाभ उठाने के लिए प्रॉपर्टी टैक्स से संबंधित ऑब्जेक्शन लगाए है। जनहित को ध्यान में रखते हुए सभी अधिकारी जल्द से जल्द प्रॉपर्टी टैक्स के लंबित ऑब्जेक्शन जल्द से जल्द निपटाए। फोटो -नगर निगम कार्यालय में टैक्स जमा कराते संपत्ति मालिक। प्रॉपर्टी टैक्स पर ब्याज माफी की जानकारी देती मेयर सुमन बहमनी।