राज्य स्तरीय योग समारोह में मुख्यमंत्री ने किया एनआईए की स्टॉल का अवलोकन
आयुर्वेद चिकित्सीय सुविधाओं की सराहना, बोले, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए आयुर्वेद जरूरी
12 ओपीडी और आईपीडी में स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं रोगी : गुलाब चंद पमनानी
एनडी हिन्दुस्तान
पंचकूला। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान, पंचकूला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वस्थ भारत’ के संकल्प को नई गति प्रदान कर रहा है। आयुर्वेद, योग और भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ-साथ संस्थान जन-जन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा है, जो विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।परेड ग्राउंड सेक्टर-5 में आयोजित राज्य स्तरीय योग समारोह के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान, पंचकूला द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी में पहुंचे। मुख्यमंत्री नायब सैनी का स्टॉल पर पहुंचने पर डीन प्रोफेसर गुलाब चंद पमनानी ने पुष्प गुच्छ के साथ स्वागत किया। डीन प्रोफेसर गुलाब चंद पमनानी ने मुख्यमंत्री को संस्थान में संचालित 12 ओपीडी और आईपीडी चिकित्सा सुविधाओं के बारे अवगत कराया। उन्होंने बताया कि संस्थान में हर रोज 500 से ज्यादा रोगी आयुर्वेद चिकित्सा सुविधा के साथ परामर्श का लाभ उठा रहे हैं। संस्थान के कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) संजीव शर्मा के मार्गदर्शन में संस्थान आयुर्वेद चिकित्सा उपचार में अहम भूमिका निभा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने संस्थान की चिकित्सीय सुविधाओं और आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार की सराहना करते हुए कहा कि स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए आयुर्वेद जरूरी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग और आयुर्वेद को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस आज विश्वव्यापी जनआंदोलन का स्वरूप ले चुका है और करोड़ों लोग योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना रहे हैं। ऐसे समय में राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान, पंचकूला आयुष मंत्रालय की नीतियों को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करते हुए स्वास्थ्य जागरूकता का मजबूत केंद्र बनकर उभरा है।उन्होंने कहा कि संस्थान शिक्षा, अनुसंधान, उपचार और जनसेवा के क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। यहां प्रशिक्षित होने वाले विद्यार्थी और चिकित्सक आयुर्वेद की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाने के साथ-साथ आधुनिक स्वास्थ्य चुनौतियों का समाधान भी प्रस्तुत कर रहे हैं। संस्थान द्वारा आयोजित योग शिविर, स्वास्थ्य जागरूकता अभियान, चिकित्सा सेवाएं और सामुदायिक कार्यक्रम समाज में स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं।डीन प्रोफेसर गुलाब चंद पमनानी ने कहा कि राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने के साथ लोगों को स्वस्थ, संतुलित और जागरूक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। संस्थान चिकित्सा सेवा और जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से स्वास्थ्य के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है तथा समाज को निरोग और सशक्त बनाने की दिशा में सार्थक योगदान दे रहा है। राज्य स्तरीय समारोह में डीन प्रोफेसर गुलाब चंद पमनानी के साथ चिकित्सकों और कर्मियों ने योगाभ्यास किया।इस अवसर पर प्रोफेसर डॉ. प्रह्लाद रघु, उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गौरव गर्ग, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सुनीता यादव, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. गरिमा गुप्ता, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मनीष पमनानी, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. दुष्यंत एम परमार, मेडिकल ऑफिसर डॉ. शीन्शा पी, प्रशासनिक अधिकारी सतपाल एसवाल और लेखाकार दीपक राणा प्रमुख रूप से मौजूद रहे।