समापन समारोह में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान होंगे मुख्य अतिथि
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे अध्यक्षता
बावल में 121 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का होगा उद्घाटन एवं शिलान्यास
एनडी हिन्दुस्तान
रेवाड़ी।।चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि महाविद्यालय बावल में मंगलवार, 30 जून को आयोजित होने वाले ‘खेत बचाओ अभियान’ के राज्य स्तरीय समापन समारोह की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। उपायुक्त अभिषेक मीणा ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।डीसी ने बताया कि मंगलवार सुबह 10 बजे आयोजित होने वाले इस भव्य समारोह में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान मुख्य अतिथि होंगे, जबकि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। समारोह में केंद्रीय योजना मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, विधायक डॉ. कृष्ण कुमार तथा हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. बलदेव राज कंबोज की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। समारोह में प्रदेशभर से हजारों किसान भाग लेंगे।डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि एक जून से 30 जून तक कृषि विज्ञान केंद्रों के तत्वावधान में चलाए गए खेत बचाओ अभियान का उद्देश्य भूमि की उर्वरता बनाए रखना, उत्पादन लागत कम करना, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना तथा किसानों को वैज्ञानिक एवं लाभकारी कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान इस अवसर पर हरियाणा एफपीओ मिशन का शुभारंभ करेंगे, जिसका उद्देश्य कृषि उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को सशक्त बनाकर किसानों की आय बढ़ाना तथा कृषि विपणन व्यवस्था को अधिक मजबूत और प्रभावी बनाना है। डीसी ने बताया कि केंद्रीय कृषि मंत्री सबसे पहले परिसर में बनाई गई चौपाल में प्रगतिशील किसानों से संवाद करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री के साथ कृषि औद्योगिकी प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे, जिसमें नवीनतम कृषि तकनीक, उन्नत कृषि यंत्र, प्राकृतिक खेती, मृदा एवं जल संरक्षण, फसल विविधीकरण तथा कृषि एवं किसान कल्याण योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए हैं। समारोह के दौरान विभिन्न जिलों से आए प्रगतिशील किसानों को सम्मानित भी किया जाएगा।व्यवस्थाओं का लिया विस्तृत जायजाडीसी अभिषेक मीणा ने निरीक्षण के दौरान मुख्य मंच, पंडाल, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, बिजली, स्वच्छता, चिकित्सा सहायता, यातायात प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों एवं आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र मीणा ने बताया कि समारोह के दौरान सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन के लिए व्यापक पुलिस व्यवस्था की गई है। वहीं जिला प्रशासन की ओर से किसानों के लिए पेयजल, छाया, चिकित्सा सहायता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के समुचित प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। इस अवसर पर एसडीएम संजीव कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।