एमजीएसआईपीए में कंपनी सेक्रेटरी, सीए, अधिवक्ता, उद्यमी और छात्रों सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
जीएसटी रजिस्ट्रेशन, आईटीसी, रिटर्न, ऑडिट, रिफंड और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहित प्रमुख विषयों पर विशेषज्ञ दे रहे प्रशिक्षण
जीएसटी प्रोफेशनल्स के लिए कौशल उन्नयन का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम।
🔴 सप्लाई, कर देयता और वैधानिक रिकॉर्ड पर विस्तृत तकनीकी सत्र।
🔴 जीएसटी प्रैक्टिशनर की भूमिका और अनुपालन प्रक्रिया पर विशेषज्ञ मार्गदर्शन।
🔴 जीएसटी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग पर भी विशेष चर्चा।
🔴 प्रश्नोत्तर और व्यावहारिक चर्चा से प्रतिभागियों ने बढ़ाई समझ।
🔴 विशेषज्ञों ने जीएसटी अनुपालन को सरल और प्रभावी बनाने के बताए तरीके।
एनडी हिंदुस्तान/अमंद पाराशर
चंडीगढ़। ब्राइटएज टैक्स सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा प्रैक्टिसिंग कंपनी सेक्रेटरी सीएस संजय मल्होत्रा और पीसीसीआई के सहयोग से आयोजित तीन दिवसीय जीएसटी कॉन्सेप्ट्स टू कंप्लायंस सर्टिफिकेट कोर्स का शुभारंभ महात्मा गांधी स्टेट इंस्टीट्यूट आफ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन, सेक्टर 26, चंडीगढ़ में हुआ। कार्यक्रम में कंपनी सेक्रेटरी, चार्टर्ड अकाउंटेंट, कॉस्ट अकाउंटेंट, टैक्स प्रैक्टिशनर, अधिवक्ता, वित्त विशेषज्ञ, उद्यमी, छात्र तथा विभिन्न व्यवसायों से जुडे प्रतिभागियों ने भाग लिया।
कोर्स का उद्देश्य प्रतिभागियों को जीएसटी कानून की सैद्धांतिक जानकारी के साथ उसके व्यावहारिक अनुपालन की समझ देना है। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त आईआरएस अधिकारियों, अनुभवी अधिवक्ताओं और उद्योग विशेषज्ञों द्वारा जीएसटी रजिस्ट्रेशन, कर देयता, सप्लाई, इनपुट टैक्स क्रेडिट, रिटर्न, असेसमेंट, आडिट, कानूनी विवाद, निर्यात, रिफंड तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग पर तकनीकी सत्र लिए जा रहे हैं। पहले दिन सीएस संजय मल्होत्रा और सेवानिवृत्त आईआरएस अधिकारी बलजीत सिंह खारा ने सप्लाई की अवधारणा, सप्लाई का समय और मूल्य, वैधानिक रिकार्ड, जीएसटी पंजीकरण तथा जीएसटी प्रैक्टिशनर से संबंधित विषयों पर मार्गदर्शन दिया।
उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि सीजीएसटी एवं केंद्रीय उत्पाद शुल्क आडिट आयुक्तालय, पंचकूला के कमिश्नर राजन दत्त ने कहा कि जीएसटी लगातार बदलने वाला कानून है, इसलिए पेशेवरों के लिए निरंतर सीखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह कोर्स वास्तविक मामलों की समझ, डिजिटल टूल्स के उपयोग और प्रभावी जीएसटी अनुपालन का आत्मविश्वास विकसित करेगा। सफल प्रतिभागियों को 5 जुलाई को समापन समारोह में सर्टिफिकेट प्रदान किए जाएंगे।