न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। महाराष्ट्र में हुई 25वीं राष्ट्रीय रोड साइकिल प्रतियोगिता प्रदेश के खिलाडिय़ों ने ओवरऑल चैंपियन ट्रॉफी हासिल की है। प्रतियोगिता के बाद वापिस लौटकर विजेता खिलाडिय़ों के दल ने हरियाणा के खेल एवं युवा मामले मंत्री संदीप सिंह से मुलाकात की। इस मौके पर खेलमंत्री ने कहा कि हरियाणा में सभी प्रकार के खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। सरकार की खेल नीति से उत्साहित खिलाड़ी दोगुनी मेहनत के साथ बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे है। जिससे हरियाणा का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उभर कर सामने आ रहा है।
इस जीत को लगातार बरकरार रखना है। एसोसिएशन के प्रदेश सचिव नीरज तंवर ने बताया कि खेलमंत्री संदीप सिंह साइकलिंग एसोसिएशन के उपप्रधान है और उनके मार्गदर्शन में 25वीं राष्ट्रीय रोड साइकिल प्रतियोगिता में प्रदेश के खिलाडिय़ों ने 6 गोल्ड, 7 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज मेडल हासिल किए है। उन्होंने बताया कि एसोएिऐशन के मैनेजर पार्थ जिंदल, प्रवीण कुमार और कोच पंजाब सिंह के मार्गदर्शन में प्रदेश के 43 खिलाडिय़ों ने आयोजन में हिस्सा लिया। जिसमें 30 लडक़े और 13 लड़कियां शामिल रहे। खिलाडिय़ों ने जूनियर, सब जूनियर और सीनियर सभी वर्गों में ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी पर कब्जा किया है।