न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। हरियाणा कला परिषद अम्बाला मण्डल के ऑनलाइन कार्यक्रमों की श्रृंखला जिसे अतिरिक्त निदेशक नागेंद्र कुमार शर्मा ने कला यात्रा का नाम दिया है। उसी कला यात्रा में हरियाणा कला परिषद अंबाला मंडल के अतिरिक्त निदेशक नागेंद्र शर्मा जी द्वारा हरियाणा के गांव गांव जाकर ऑनलाइन सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रक्रिया शुरू की गई थी। सांस्कृतिक कार्यक्रम कला यात्रा की इस श्रृंखला में हरियाणवी नृत्य, रागनी, सांग, नाटक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई ।
इस कला यात्रा की हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल व कला एवं संस्कृति मंत्री कंवर पाल गुर्जर ने बहुत सराहना की तथा इसके साथ-साथ कलाकारों ने भी इस कला यात्रा को खूब सराहा। हरियाणा कला व संस्कृति का सामान्य जनमानस तक प्रचार-प्रसार करना ही हरियाणा कला परिषद अंबाला मंडल का उद्देश्य रहा है।
हरियाणा कला परिषद अंबाला मंडल के अतिरिक्त निदेशक नागेंद्र शर्मा द्वारा कोरोना महामारी के चलते डिजिटल मंच के माध्यम से आनलाइन सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रक्रिया शुरू की गयी थी। किन्तु किन्ही अपरिहार्य कारणों के कारण इस कला यात्रा श्रृंखला को बीच में ही रोकना पडा था। अब अतिरिक्त निदेशक नागेन्द्र शर्मा ने कहा है कि कला यात्रा की श्रृंखला फिर से शुरू की जायेगी तथा कलाकारों को फिर से अम्बाला मण्डल की तरफ से मंच प्रदान किया जायेगा।
अम्बाला मण्डल की तरफ से अम्बाला, कुरूक्षेत्र, करनाल, पंचकूला, यमुनानगर तथा कैथल के कलाकारों को मंच प्रदान किया जायेगा। इसके अतिरिक्त दिनांक 25 से 27 मार्च, 2021 तक 3 दिवसीय नाट्य उत्सव यमुनानगर, अम्बाला के कलाकारों द्वारा किया जायेगा। उन्होंने यह भी बताया कि सर्वप्रथम उन कलाकारों को अवसर दिया जा रहा है जिन्होंने कला यात्रा में अपनी निःशुल्क प्रस्तुतियां दी हैं। इसी के साथ-साथ दिनांक 23 मार्च, 2021 को शहीदी दिवस के अवसर पर करनाल में सांस्कृतिक कार्यक्रम किया जा रहा है। यह जानकारी हरियाणा कला परिषद अंबाला मंडल के कार्यालय सहायक जैकी शर्मा ने दी।