कुवि कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा ने दी कलाकारों को शुभकामनाएं
29 मार्च को सुबह 10.30 बजे और सांय 4.00 बजे होगा प्रसारण
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग की ओर से राष्ट्रीय भारत सरकार के राष्ट्रीय दूरदर्शन चैनल एवं डीडी भारती पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के छात्रों की होली की धूम हरियाणवी फागण नृत्य के साथ दिखाई देगी। यह जानकारी युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग के निदेशक डॉ. महासिंह पूनिया ने दी। उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग हरियाणवी संस्कृति के संरक्षण के लिए कार्य कर रहा है।
इसी कड़ी में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की छात्राओं का फागण का नृत्य डीडी राष्ट्रीय दूरदर्शन चैनल पर पहली बार प्रसारित हो रहा है। होली के रंग कार्यक्रम में हरियाणवी संस्कृति का तडका राष्ट्रीय दूरदर्शन चैनल पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कलाकार फागण नृत्य के माध्यम से लगा रहे हैं। इस नृत्य में आर्य कॉलेज पानीपत की छात्राएं अपनी प्रतिभा का परिचय देंगी।
डॉ. पूनिया ने बताया कि राष्ट्रीय डीडी दूरदर्शन पर होली के दिन 29 मार्च को प्रातः 10.30 बजे ‘होली के रंग’ कार्यक्रम का प्रसारण होगा, जिसमें विश्वविद्यालय की छात्राएं फागण के नृत्य की छटाएं चैनल पर बिखेरेंगी। उन्होंने यह भी बताया कि सांय 4 बजे डीडी भारती पर भी होली के रंग कार्यक्रम की प्रस्तुति होगी। इस कार्यक्रम की प्रस्तुति का प्रोमो दूरदर्शन चैनल द्वारा जारी किया जा चुका है।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कलाकारों द्वारा राष्ट्रीय दूरदर्शन चैनल पर फागण नृत्य की प्रस्तुति पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के साथ-साथ हरियाणा की लोक संस्कृति का प्रचार-प्रसार हरियाणा ही नहीं अपितु भारत के अन्य राज्यों में भी देखने को मिलेगा।
कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ ने होली के अवसर पर बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के छात्र अपनी प्रतिभा के माध्यम से प्रदेश की संस्कृति के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इस मौके पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. संजीव शर्मा तथा युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग के निदेशक डॉ. महासिंह पूनिया ने टीम के प्रभारी डॉ. रामनिवास सहित सभी कलाकारों को इस तरह के आयोजनों के लिए हार्दिक बधाई दी।