न्यूज डेक्स हरियाणा
पंचकूला। अब हरियाणा में कालका विधानसभा सीट पर उपचुनाव नहीं होगा। इस सीट पर कांग्रेस विधायक प्रदीप चौधरी की सदस्यता को बहाल करने की जानकारी आज विधानसभा स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता ने पत्रकारों को दी।काबिलेगौर है कि हिमाचल की एक कोर्ट द्वारा कालका से विधायक प्रदीप चौधरी को सजा का फैसला सुनाए जाने के बाद उनकी सदस्यता को हरियाणा विधानसभा द्वारा रद्द किया गया था,लेकिन विधायक प्रदीप चौधरी ने हाईकोर्ट में इस फैसले को चुनौती दी थी। हाईकोर्ट ने विधायक प्रदीप चौधरी की सजा के फैसले पर स्टे दिया था। इसी ऑर्डर कॉपी के आधार पर पिछले दिनों प्रदीप चौधरी ने विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता से मुलाकात कर सदस्यता को बहाल करने की मांग की थी।
इसके बाद प्रदीप चौधरी की सदस्यता बहाल करने संबंधी कानूनी राय के लिए एजी के पास फाइल भेजी गई थी। जहां से अब इस बारे में कानूनी राय आ गई है और कालका से प्रदीप चौधरी की सदस्यता को बहाल किया गया है। काबिलेगौर है कि हिमाचल प्रदेश की नालागढ़ कोर्ट ने हरियाणा के कालका से तत्कालीन विधायक प्रदीप चौधरी को एक केस में दोषी ठहराते हुए 3 साल की सजा और जुर्माना लगाया था। इस मा्मले में हिमाचल प्रदेश हाइकोर्ट ने निचली कोर्ट के फैसले पर रोक लगा दी थी।