गुरुकुल कुरुक्षेत्र परिसर में प्रार्थना कर दिवंगत कोरोना योद्धाओं को दी श्रद्धाजंलि
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर गुरुकुल कुरुक्षेत्र में उपस्थित गुरुकुल के संरक्षक एवं गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत जी ने पर्यावरण की शुद्धि के लिए अपनी दैनिक दिनचर्या अनुसार प्रात:काल यज्ञ कर गुरुकुल प्रांगण में पौधारोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यज्ञ व वृक्षारोपण से ही स्वस्थ्य पर्यावरण का निर्माण होगा।
हमें तीव्र गति से वृक्षों के हो रहे कटान पर रोक लगानी चाहिए और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने चाहिए जिससे भविष्य में ऑक्सीजन की कमी जैसी भयावह स्थिति उत्पन्न न हो। इस अवसर पर गुरुकुल परिवार ने कोविड-19 से जुड़े उन योद्धाओं को जो सेवा करते हुए अपनी जान गंवा चुके है, मौन धारण कर उनकी आत्मा की सद्गति एवं परिवारों के लिए उत्पन्न हुए दुख को सहन करने की परम पिता परमात्मा से प्रार्थना की। साथ ही सेवारत कोराना योद्धाओं के उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखद भविष्य की कामना की और अपनी शुभकामनाएं सम्प्रेषित की। उन्होंने बताया कि गुजरात राजभवन द्वारा ‘कोरोना सेवायज्ञ अभियान’ चलाया हुआ है जिसके तहत एक लाख कोरोना वारियर्स को राशन एवं जरूरी सामान की किट प्रदान की जा रही है।
इस अवसर पर आर्य प्रतिनिधि सभा के प्रधान रामपाल आर्य, ओएडी टू गर्वनर डॉ. राजेन्द्र विद्यालंकार, मंत्री उम्मेद आर्य, उपमंत्री राधाकृष्ण आर्य, गुरुकुल के प्रधान कुलवन्त सिंह सैनी, प्राचार्य कर्नल अरूण दत्ता, सह प्राचार्य शमशेर सिंह, एडवोकेट नरेन्द्र कटारिया, मुख्य संरक्षक संजीव आर्य ने भी ‘थाइकस स्टार लाइट’ पौधा रोपित किया और कोरोना योद्धाओं को शुभकामनाएं और जो कोरोना से पीडि़त है, उनके जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना की। आर्य प्रतिनिधि सभा हरियाणा के तत्वाधान में गुरुकुल कुरुक्षेत्र द्वारा दयानन्द सेवा सदन कुरुक्षेत्र, आर्यसमाज अंटेड़ी, आर्यसमाज बारना, आर्यसमाज बरगट और आर्यसमाज लाडवा में भी हवन-यज्ञ करके कोरोना योद्धाओं को शुभकामनाएं दी गई।