रोकने की कोशिश हुई तो कीटनाशक पीकर आत्महत्या की भी चेतावनी
न्यूज डेक्स संवाददाता
जींद।धीमी गति से चल रहे पेगां पैक्स घोटाले के जांच से परेशान संडील गांव के किसानों ने रविवार को गांव के राजकीय उच्च विद्यालय में पंचायत कर घोटाले की जांच में तेजी कराने के लिए आगामी रणनीति बनाई गई। पंचायत में किसानों ने 22 जून मंगलवार को डीसी का घेराव करने का निर्णय लिया गया। पंचायत की अगुआई किसान अमरजीत ने की।
पंचायत में किसान अमरजीत ने कहा कि डीसी का घेराव करते समय पुलिस या जिला प्रशासन द्वारा रोका गया तो किसान कीटनाशक दवा का सेवन कर आत्म हत्या करने को मजबूर होगें। इस दौरान होने वाली किसी भी अप्रिय घटना के लिए पुलिस व जिला प्रशासन जिम्मेदार होगा। उन्होंने कहा कि पेगां पैक्स कर्मचारियों द्वारा किसानों के साथ खाद व नकदी के घोटाले की जांच का मामला वर्ष 2019 से चलता आ रहा है।
घोटाले के मामलें में थाना अलेवा मे किसान अमरजीत की शिकायत पर पैक्स के पूर्व प्रबंधक समेत कई कर्मचारियों के खिलाफ केस भी दर्ज है। घोटाले के मामले की निष्पक्ष जांच के लिए किसान अमरजीत की अध्यक्षता में 15 मार्च 2021 को हरियाणा विधानसभा में जाने का कार्यक्रम किसानों द्वारा बनाया गया था, लेकिन डीसी डॉ आदित्य दहिया द्वारा उचाना के डीएसपी जितेंद्र कुमार को किसानों से बात करने के लिए संडील में किसानों के बीच भेजा गया।
डीसी द्वारा दी हिदायत के अनुसार 15 मार्च 2021 को डीएसपी द्वारा किसानों को डीसी से मिला दिया था। थाना पभारी अलेवा, जितेंद्र कुमार डीएसपी उचाना, असिस्टेंट रजिस्ट्रार सहकारी समिति जींद व अपराध शाखा के इंचार्ज की मौजूदगी में डीसी द्वारा किसानों को विश्वास दिलाया था कि किसानों के साथ किए घोटाले की जांच आज से ही अपराध शाखा जींद में भेज दी गई है।
डीसी द्वारा अपराध शाखा द्वारा मामले की निष्पक्ष जांच कर किसानों को न्याय दिलाया जाने की बात कही गई थी, लेकिन आज तक अपराध शाखा द्वारा केवल गांव में पहुंचकर लगभग 100 किसानों के बयान ही अंकित किए गए हैं। किसानों ने सर्वसम्मति से फैसला लिया कि 22 जून मंगलवार को किसान अमरजीत की अध्यक्षता में सैकड़ों किसान डीसी जींद का घेराव करने के लिए जाएंगे। उन्होने कहा कि यदि घेराव करते जाते समय पुलिस प्रशासन या जिला प्रशासन के द्वारा किसानों को रोका गया तो साथ ले जाने वाली कीटनाशक दवाई खाकर आत्महत्या करने पर मजबूर होंगे।