15 दिनों में क्षेत्रीय आयुक्त को सौंपी होगी जांच रिपोर्ट
न्यूज डेक्स संवाददाता
चंडीगढ़, 19 अगस्त। हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री अनिल विज ने नगर निगम, फरीदाबाद की अकाऊंट ब्रांच में लगी आग की जांच के आदेश दिए हैं। इस पूरे प्रकरण की जांच क्षेत्रीय आयुक्त फरीदाबाद करेंगे, जोकि १५ दिनों में अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे।
विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव ने जारी आदेश में कहा है कि सरकार द्वारा आग लगने की घटना से पहले निगम में करोड़ों रुपए की कथित आर्थिक अनियमितताओं की जांच करवाई जा रही थी, परन्तु इसी दौरान लेखा शाखा में आग लगने की घटना सामने आई है। इस कारण पूरे मामले की गहन जांच करने को कहा गया है।
गौरतलब है कि रविवार को नगर निगम के रिकॉर्ड रूम में आग लग गई थी। मंगलवार को जांच में सामने आया था कि रिकार्ड रुम में जानबूझ कर आग लगाई थी और रिकार्ड रूम में किसी तरह का शार्ट सर्किट नहीं हुआ। किसी ने खिड़की से अंदर जाकर फाइलों को आग के हवाले किया है। इस मामले में एफआईआर व जांच के लिए निगमा युक्त डॉ. यश गर्ग ने पुलिस आयुक्त ओपी सिंह को पत्र लिखा गया है। कुछ पार्षदों ने इसे साजिश के तहत पूरी घटना को अंजाम देने की बात भी कही थी। यह मामला हरियाणा के शहरी निकाय मंत्री अनिल विज के संज्ञान में आया था,जिसके बाद जांच के आदेश दिये गये।