कुरुक्षेत्र को पॉलिथीन मुक्त बनाने के लिए डीएमसी भारत भूषण गोगिया ने दिलाई शपथ
सैल्फ हैल्प ग्रुप के सदस्यों को लागत के आधार पर 500-500 थैले बनाने के दिए आर्डर
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। जिला नगर आयुक्त भारत भूषण गोगिया ने कहा कि कुरुक्षेत्र से पॉलिथीन का प्रयोग खत्म करने के लिए नगरपरिषद और नगरपालिकाओं की तरफ से प्रयास तेज किए जाएंगे। इन प्रयासों के चलते दिन के चलते रात को भी नगरपरिषद और नगरपालिकाओं के अधिकारियों को पॉलिथीन का प्रयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए है। डीएमसी भारत भूषण गोगिया मंगलवार को देर सायं नगरपरिषद थानेसर कार्यालय में नगरपरिषद के अधिकारियों व पॉलिथीन होलसेलर एसोसिऐशन के सदस्यों की एक बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। इस दौरान डीएमसी भारत भूषण गोगिया ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और पॉलिथीन होल सेलर के सदस्यों को पॉलिथीन का प्रयोग बंद करने को लेकर शपथ भी दिलवाई है।
डीएमसी ने कहा कि शहर को पॉलिथीन मुक्त करने की एक योजना तैयार की गई है। इस योजना के तहत ही सैल्फ हैल्प ग्रुप को उक्त एसोसिऐशन के सदस्यों द्वारा लागत के आधार पर ही 500-500 थैले बनाने के आर्डर दिए गए है। उन्होंने कहा कि लोगों को दुकानदार पॉलिथीन में सामान देना बंद कर दें तो ग्राहक कपडे के थैले अपने आप ही खरीद लेगा और ये बैग पॉलिथीन की बजाए अधिक सुविधाजनक होंगे और कपडे के बैग लम्बे समय तक चलेंगे। इसके साथ ही लोग कपडे के इन थैलों को संभाल कर भी रखेंगे। शहर में पॉलिथीन का प्रयोग बंद करने के लिए पुलिस प्रशासन को भी कार्रवाई करने के लिए लिखा गया है।
इस बैठक के दौरान एसोसिऐशन ने भी अपना पक्ष रखते हुए कहा कि पॉलिथीन पानीपत और करनाल से कुरुक्षेत्र में आता है अगर उनकों कुरुक्षेत्र की सीमा के बाहर ही रोका या पकडा जाए तो कुरुक्षेत्र को पॉलिथीन मुक्त बनाने की राह आसान हो जाएगी। डीएमसी ने कहा कि वे स्वयं पुलिस और आरटीए के साथ मिलकर कुरुक्षेत्र में पॉलिथीन लाने वाली गाडियों को पकडेंगे, इसके लिए रात्रि के समय में भी नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जाएगी। लेकिन इसके लिए नागरिकों और दुकानदारों के सहयोग की निहायत जरूरत होगी। उन्होंने कहा कि पॉलिथीन सेहत के साथ-साथ धर्मनगरी कुरुक्षेत्र के लिए हानिकारक है और यह पॉलिथीन मृत्यु का कारण भी बन सकता है। इस मौके पर नप सचिव अजीत, एमई नवीन, सीपीओ राजेश चौहान, केएल बटला, एसोसिऐशन से रजत, विशाल, नितिन, श्याम, राहुल, गोपाल व पंकज आदि उपस्थित थे।