न्यूज डेक्स संवाददाता
हिसार। हिसार के फैमिली रेस्टोरेंट में हरियाणा के सभी जिलों से आए कलाकारों ने एक मीटिंग की जिसकी अध्यक्षता हिसार के जाने माने संगीतज्ञ विनोद गोल्डी ने की तथा कुरुक्षेत्र के डॉक्टर जसवंत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में विशेष रूप से उपस्थित रहे।इसमें सभी कलाकारों ने कोरोना लॉकडाउन में बदली हुई परिस्थितियों में कलाकारों की दयनीय स्तिथि और सरकार द्वारा उनकी अनदेखी पर अपने विचार रखे।
अंबाला से आए हुए लोक कलाकार बुधराम ने कलाकारों की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया उन्होंने कहा कि 60 साल से ऊपर के कलाकारों को बुढ़ापा पेंशन मिलनी चाहिए तथा लॉकडाउन में सांस्कृतिक कार्य विभाग हरियाणा तथा हरियाणा कला परिषद द्वारा फौरी तौर पर कलाकारों की सहायता की जानी चाहिए। कुरुक्षेत्र से आए हुए वरिष्ठ संगीतज्ञ डॉ जसवंत सिंह ने कहा कि पूरे हरियाणा के कलाकारों को एक मंच पर इकट्ठा होना होगा। रोहतक के प्रसिद्ध रंगकर्मी विश्व दीपक त्रिखा ने कहा कि पूरे हरियाणा के कलाकारों को लेकर एक कमेटी का गठन किया जाए और वो कमेटी सभी कलाकारों को प्रोत्साहन के साथ-साथ मंच भी प्रदान करें। उन्होंने कहा कि कलाकारों को सरकार पर आश्रित नहीं रहना चाहिए क्योंकि सरकार की नजर में कलाकारों का कोई अस्तित्व है ही नहीं। हमें अपना मंच खुद ही तैयार करना होगा।
हिसार के वरिष्ठ रंगकर्मी मनीष जोशी ने कहा कि हरियाणा सरकार ने किसी कलाकार के तरफ ध्यान नहीं दिया इसलिए एक कमेटी का गठन करके हरियाणा के प्रत्येक जिले में जाकर कलाकारों का बायोडाटा इकट्ठा करना चाहिए। रोहतक के लोक कलाकार सुरेंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा कलाकारों की अनदेखी बहुत ही चिंता का विषय है क्योंकि हरियाणा सरकार ने दोनों विभागों की स्थापना इसलिए की थी कि हरियाणा की कला एवं संस्कृति को बचाया जाए । हिसार के ही वरिष्ठ रंगकर्मी लोकेश खट्टर ने सुझाया की हमे सरकार से न भीड़ कर के अपना एक अलग से मंच तैयार करना होगा जो खुद से ही हमारे अक्षम कलाकारों की देख भाल करे।
अंत में अध्यक्ष विनोद गोल्डी ने प्रस्ताव पारित करते हुए कहा कि पूरे हरियाणा के कलाकारों को लेकर एक वेलफेयर एसोसिएशन का गठन किया जाए और स्वयं ही अपने अक्षम कलाकारों की पूरे लॉकडाउन में आर्थिक मदद की जाए।सरकार की तरफ से सारी उम्मीद अब खत्म हो चुकी है। उसके लिए पहले चारों मंडलों में जाकर मीटिंग का आयोजन किया जाए और सभी कलाकारों को संगठन में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जाए। प्रत्येक जिले के कलाकारों की सक्षम कलाकार द्वारा मिल कर राशन पहुंचाने में सहायता की जाए, जिसका हरियाणा से आए हुए सभी कलाकार , सुभाष नगाड़ा रोहतक ,सुरेंद्र धौला रोहतक, सतवीर सिंह हिसार , हरिकेश जींद, सय्यम जोशी पंचकुला, लोकेश खट्टर हिसार, गुलशन थरेजा हिसार शिव बंगा हिसार, बुध राम अंबाला, डॉक्टर जसवंत सिंह कुरुक्षेत्र,मनीष जोशी हिसार और विश्व दीपक त्रिखा ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव को पास किया।