विदेशों में सामान सप्लाई करना होगा आसान, व्यापारियों को नहीं काटने पड़ेंगे कस्टम विभाग के चक्कर
कस्टम क्लियरेंस का पूरा काम डाक विभाग निर्यात केंद्र से ही सॉल्व कराकर देगा
न्यूज डेक्स संवाददाता
अंबाला। भारतीय डाक विभाग अब छोटे बड़े व्यापारियों के लिए निर्यात केंद्र खोलेगा। इसका सबसे बड़ा लाभ एक्सपोर्ट को मिलने वाला है। माना जा रहा है कि इस योजना से एक्सपोर्ट को बढ़ावा मिलने वाला है और वयापारी दूसरे देशों में आसानी से अपना कारोबार सामान की बिक्री कर सकेंगे। इतना ही नहीं डाक विभाग के इस कदम के बाद व्यापारियों का कस्टम क्लियरेंस के लिए दिल्ली कस्टम विभाग के चक्कर भी नही काटने पड़ेंगे।
हाशिये पर जाता पोस्टल डिपार्टमेंट डाक भेजने के कामों में पिछले कुछ सालों से लगातार बदलाव ला रहा है। इसी कड़ी में डाक विभाग व्यपारियों के लिए बड़ा कदम उठाने जा रहा है । डाक विभाग जल्द ही डाकघरों में निर्यात केंद्र खोलने जा रहा है। डाक विभाग के इस कदम के बाद विदेशों में सामान सप्लाई करना जहां आसान हो जाएगा वहीं अब व्यापारियों को कस्टम विभाग के चक्कर नही काटने पड़ेंगे । कस्टम क्लियरेंस का पूरा काम डाक विभाग निर्यात केंद्र से ही सॉल्व करके देगा। जानकारी देते हुए डाक विभाग के अधिकारी ने बताया अगले महीने से डाकघर निर्यात केंद्र शुरू होने जा रहे है।
अंबाला डिवीजन के सीनियर हेड पोस्टमास्टर हरीश कुमार ने बताया है कि हरियाणा के 22 जिलों में इस तरह के केंद्र खोले जाएंगे। इनमे से 10 में प्रकिया शुरू हो चुकी है। जो भारतीय व्यापारी या कम्पनी विदेशों में अपना सामान भेजते है उसको सुविधा जनक बनाने के लिए पिकअप पैकिंग डाक विभाग सुविधा उपलब्ध कराएगा। कंपनी या संबंधित व्यक्ति को पोस्टल डिपार्टमेंट के साथ एग्रीमेंट साइन करना होगा। इसके साथ ही केवाईसी और जीएसटी की जानकारी देकर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। फर्म के पास एक्सपोर्ट लाइसेंस भी होना चाहिए।
व्यापारी वर्ग को इस सेवा से काफी लाभ होने जा रहा है। कस्टम क्लीयरेंस विभाग द्वारा ही करवाया जाएगा। इसके लिए व्यापारियों को दिल्ली नहीं जाना पड़ेगा। अंबाला की साइंस इंडस्ट्री ओर कपड़ा व्यापारियों को इस सेवा से सबसे ज्यादा लाभ होने जा रहा है। उल्लेखनीय है कि अंबाला एशिया की सबसे बड़ी कपड़ा मार्केट मानी जाती है। यहां के कपड़ा व्यापारियों का कहना है कि केंद्र सरकार की इस पहल से उन्हें व्यापार करने में काफी सुविधा होगी। कस्टम क्लीयरेंस के लिए दिल्ली के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पैकेजिंग और पिकअप की सेवा भी डाक विभाग देगा जिससे समय और पैसे की काफी बचत होगी। इससे विदेशों में हमारा बिजनेस और भी फल-फूल सकेगा।