संजय भसीन ने किया राष्ट्रीय युवा उत्सव का उद्घाटन
संदीप गौतम/न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र, 8 जनवरी। हरियाणा कला परिषद के कला कीर्ति भवन में तीन दिवसीय राष्ट्रीय युवा उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें राज्य स्तर पर विजेता रहने वाली टीमें राष्ट्रीय युवा उत्सव में लाईव प्रदर्शन कर रही हैं। इसके उपरांत राष्ट्र स्तर पर विजेता रहने वाली टीमों को भारत सरकार द्वारा 20 जनवरी को राष्ट्रीय युवा उत्सव के समापन अवसर पर सम्मानित किया जाएगा। खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय युवा महोत्सव का उद्घाटन हरियाणा कला परिषद के निदेशक संजय भसीन ने किया। इस अवसर पर हरियाणा राज्य युवा आयोग के प्रतिनिधि विकास नरवाल, हरियाणा कला परिषद अम्बाला मण्डल के अतिरिक्त निदेशक नागेंद्र शर्मा, वाईसीओ रेखा सरीन, रामनिवास आदि उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय युवा महोत्सव के नोडल अधिकारी अनिल कौशिक ने पुष्पगुच्छ के साथ मुख्यअतिथि का स्वागत किया। अतिथियों द्वारा दीप प्रज्जवलित कर युवा उत्सव का शुभारम्भ किया गया। मंच का संचालन उद्घोषक रामनिवास शर्मा द्वारा किया गया। अतिथियों का स्वागत करते हुए नोडल अधिकारी अनिल कौशिक ने बताया कि कोविड 19 की हिदायतों के चलते इस वर्ष भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा जिला राज्य एवं राष्ट्रीय युवा उत्सव का आयोजन वर्चुअल आधार पर करने का निर्णय लिया गया। गौरतलब है कि विभाग द्वारा कलाकारों को मंच प्रदान करने के लिए सभी जिलों में पोर्टल बनवाकर जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन 24 से 29 दिसम्बर तक करवाया गया। जिसमें जिला स्तरीय युवा उत्सव में 12000 से भी अधिक प्रतिभागियों ने 22 अलग-अलग सांस्कृतिक विधाओं में अपनी प्रतिभा के जौहर दिखाए।
कौशिक ने बताया कि मुख्यमंत्री महोद्य द्वारा युवाओं को अधिक से अधिक राष्ट्र की मुख्य धारा में शामिल करने के लिए युवा गतिविधियों को बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। जिसकी पालना में विभाग द्वारा जिला राज्य एवं राष्ट्रीय उत्सव के आयोजन हेतु संसाधनों की किसी भी तरह की कमी नहीं छोड़ी गई है। वहीं मुख्यअतिथि संजय भसीन ने अपने विचार सांझा करते हुए कहा कि कोरोना महामारी के कारण पूरा विश्व प्रभावित हुआ है। जिसमें सबसे जयादा असर कला और कलाकार वर्ग पर पड़ा है। ऐसे में खेल एवं युवा विभाग द्वारा आयोजित राष्ट्रीय युवा उत्सव से न केवल कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा, अपितु बंद पड़ी सांस्कृतिक गतिविधियों को भी विस्तार मिलेगा।
युवा उत्सव में लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, कंटेम्परेरी सोलो, योगा, मूर्तिकला, इंडियन म्यूजिक बैंड, नाटक, कत्थक तथा भरतनाट्मय आदि की प्रस्तुतियां दी गई। सभी कलाकारों द्वारा व्यक्तिगत आधार पर अपनी-अपनी प्रस्तुतियां कोविड 19 की हिदायतों के आधार पर दी गई। जिन्हें शूट कर भारत सरकार को आॅनलाईन भेजा जा रहा है।
