न्यूज डेक्स संवाददाता
डबवाली।रविवार को जैन समाज की ओर से जैन साध्वियों के डबवाली में मंगल प्रवेश को लेकर शोभायात्रा निकाली गई। जो सुबह 8:30 बजे तेरापंथ जैन भवन से शुरू हुई तथा शहर के मेन बाजार, गांधी चौंक से होते हुए सब्जी मंडी क्षेत्र में स्थित जैन स्थानक में पहुंची और सुबह 9:30 बजे जैन सभा में प्रवेश कर गई। शोभायात्रा में जैन श्रद्धालु महिलाओं ने अपने सिर पर कलश भी रखे हुए थे। जैन समाज ने एकजुटता का परिचय दिया और प्रभु महावीर स्वामी के जयकारों से गुंजायमान कर दिया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जैन समाज के प्रधान सुभाष जैन पप्पी ने बताया कि डबवाली शहर को पावन चातुर्मास के लिए महासाध्वी महक जी महाराज, महासाध्वी समन्वय जी महाराज व महासाध्वी सिद्धार्थी जी महाराज का सानिध्य मिला है। उन्होंने बताया कि अब चार माह जो कि वर्षावास के होते हैं। उन्होंने बताया कि जैन साध्वियां चार महीनों तक डबवाली में विराजमान रहेंगी तथा इन चार महीनों के दौरान धर्म-जप-तप के अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि शहर के युवती मंडल तथा बच्चों द्वारा अपनी-अपनी प्रस्तुतियां पेश की गई। इस शोभायात्रा में जैन समाज सहित कई अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की समाप्ति पर सभी को गौत्तम प्रसादी दी गई।