राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य तल्लोजु आचरी एवं तेलंगाना से आए अतिथियों ने किया कुरुक्षेत्र दर्शन
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य तल्लोजु आचरी एवं तेलंगाना से आए अन्य अतिथियों ने कुरुक्षेत्र भ्रमण किया। कुरुक्षेत्र पहुंचने पर उनका स्वागत कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा द्वारा किया गया। तल्लोजु आचरी के साथ इस दल में राष्ट्रीय खनिज विकास निगम डॉ. वी मुरलीधर गोड, तेलंगाना से भारतीय जनता पार्टी की प्रवक्ता डॉ बी. शारदा, सेंसर बोर्ड की सदस्या भारथी, भारतीय जनता पार्टी के प्रान्तीय कार्यकारी सदस्य एम. मल्लारेड्डी एवं भारतीय जनता पार्टी तेलंगाना विधानसभा कन्वीनर ए. अशोक वर्धन शामिल थे।
इस अवसर पर बोर्ड के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा ने इस दल को 48 कोस कुरुक्षेत्र की सांस्कृतिक, धार्मिक एवं ऐतिहासिक धरोहर से अवगत कराया। उन्होंने कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड द्वारा 48 कोस कुरुक्षेत्र भूमि में तीर्थों पर किए जा रहे विकास की भी जानकारी दी। ब्रह्मसरोवर की विशालता एवं सौंदर्य को देखकर तल्लोजु आचरी ने कहा कि निःसन्देह कुरुक्षेत्र का यह तीर्थ विश्व पर्यटन की दृष्टि से अत्यन्त महत्वपूर्ण है। उन्होनें इसके रखरखाव एवं सौंदर्य को बनाए रखने के लिए कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की सराहना की।
ब्रह्मसरोवर के पश्चात इस टीम द्वारा गीता उपदेश स्थली ज्योतिसर का भी भ्रमण किया। इस अवसर पर ज्योतिसर पहुंचने पर तल्लोजु आचरी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण द्वारा इस कुरुक्षेत्र की इस धरती पर दिया गया गीता का शाश्वत संदेश आज के परिप्रेक्ष्य में विश्व में शांति स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। दल के सदस्य ज्योतिसर तीर्थ की पावन मिट्टी को भी अपने साथ ले गए।