न्यूज डेक्स संवाददाता
गुरुग्राम। हरियाणा कलाकार कल्याण मंच गुरुग्राम की कोर कमेटी की एक बैठक का आयोजन हरियाणा कलाकार कल्याण मंच के अध्यक्ष, वरिष्ठ रंगकर्मी और शिक्षाविद अर्जुन वशिष्ठ के निवास स्थान पर किया गया। इस बैठक में गुरुग्राम के रंगमंच, संगीत, लोक कला, फ़िल्म ओर टीवी से जुड़े वरिष्ठ कलाकारों ने हिस्सा लिया। सभी कलाकारों ने सरकार के रवैए पर नाराजगी जाहिर की। पहले लॉकडाउन के बाद से ही सार्वजनिक कार्यक्रम बंद है।
कलाकारो के पास आय का कोई साधन नहीं है। ऐसे में सरकार द्वारा कलाकारों की मदद न करना बेहद ही निंदनीय है। सबसे बुरा हाल हरियाणा के लोक कलाकारों का है बहुत से कलाकार आज मजदूरी करने को मजबूर है। कलाकार सभ्यता और संस्कृति का दर्पण होते है कोई भी आयोजन हो कलाकारों के बिना अधूरा रहता है। खेल और कला को एक ही स्थान पर रखा गया है, किंतु फिर भी हरियाणा सरकार ने कलाकारों को कोई आर्थिक मदद नही दी।
हरियाणा कला परिषद भी इस पर कोई कार्य नहीं कर रही और न ही सारस्कृतिक कार्य विभाग हरियाणा ने कलाकारों की मदद के लिए कोई योजना बनाई है।एक तरफ जहां फिल्म इंडस्ट्री में हरियाणा के पटल पर फिल्में बन रही है हरियाणा के कलाकारों ने राज्य का नाम रोशन किया है वहा अपनी कला के माध्यम से आजीविका कमाने वाले कलाकारों की सुध नही ली गई।
उत्तरप्रदेश ओर राजस्थान सरकार ने अपने वहां कलाकारों को आर्थिक मदद दी है,किंतु खट्टर सरकार अभी तक कोई फैसला नहीं ले पाई।इस बैठक में मुख्य रूप से प्रांतीय अध्यक्ष अर्जुन वशिष्ठ, रेवाड़ी जिला के अध्यक्ष विजय भटोटिया, नारनौल के जिला अध्यक्ष केसरीनंदन, संगीतज्ञ अनिल संदुजा, रंगकर्मी हर्षवर्धन, रंगकर्मी सुरेंद्र भारद्वाज, कला मर्मज्ञ राम बहादुर, संगीतज्ञ राधेश्याम, शिक्षाविद संजय अरोरा,प्रांतीय संयोजक विश्व दीपक त्रिखा व अन्य मौजूद रहे।