न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। क्रीड़ा भारती के प्रदेशाध्यक्ष ऑलंपियन योगेश्वर दत्त ने कहा है कि क्रीड़ा भारती गांव स्तर तक खेलों का प्रचार प्रसार करेगी। 29 सितंबर को हॉकी के जादूगर मेहर ध्यान चंद का जन्मदिवस है और भारत में इस दिन को खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है। क्रीड़ा भारती इस दिन को विशेष रूप से मनाने जा रही है। वे सोमवार को क्रीड़ा भारती के चार जिलों के पदाधिकारियों के प्रशिक्षण शिविर को श्रीमद भगवद गीता वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में संबोधित कर रहे थे। शिविर में कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत और कैथल जिलों के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
प्रांत अध्यक्ष योगेश्वर दत्त ने कहा कि जब खिलाड़ी खेलना शुरु करते हैं तो उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इन परेशानियों को दूर करने का काम क्रीड़ा भारती की ओर से किया जाएगा। इसके साथ ही खेलों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार से भी समय-समय पर मांग की जाती है। उन्होंने कहा कि मुख्य तौर पर खिलाडिय़ों को शुरुआत में अच्छी डाइट और अच्छे मैदान की कमी का सामना करना पड़ता है। शिविर को उत्तर क्षेत्र संयोजक दलपत और अखिल भारतीय संगठन मंत्री प्रसाद, प्रदेश उपाध्यक्ष सुभाष चौहान ने भी संबोधित किया।
क्रीड़ा भारती के जिलाध्यक्ष धर्मपाल चौधरी डीपी ने कहा कि 29 अगस्त को सुबह आठ बजे द्रोणाचार्य स्टेडियम से लेकर कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी तक साईकिल रैली निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि क्रीड़ा भारती की ओर से खेल महोत्सव के तहत अलग-अलग खेलों की प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। शिविर में क्रीड़ा भारती के राष्ट्रीय महामंत्री राज चौधरी ने कहा कि क्रीड़ा भारती का उद्देश्य देश के प्रत्येक व्यक्ति को खेलों से जोडऩा है। उन्होंने कहा कि जब तक प्रत्येक व्यक्ति खेलों के प्रति जागरूक नहीं होगा तब तक खेलों का विकास संभव नहीं है। इसलिए पूरे देश के 500 से अधिक जिलों में 29 अगस्त को खेल महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। जिसमें सभी लोगों को खेलने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।