न्यूज डेक्स संवाददाता
जींद।सदर थाना क्षेत्र के गांव घिमाणा में बर्तन बेचने वाली एक महिला ने 2 महिलाओं से सोने-चांदी के जेवरात ले लिए और उन्हें इनाम देने का प्रलोभन दिया। लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद महिला वापस नहीं आई। महिलाओं को न जेवरात मिले और न ही इनाम मिला। अब महिला ने शिकायत सदर पुलिस को दी है। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात महिला के खिलाफ धोखाधड़ी कर जेवरात ऐंठने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घिमाणा गांव की महिला रानी ने सदर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 23 अगस्त को एक महिला बर्तन बेचने के लिए उनके गांव आई हुई थी। जिसमें उसके पुराने बर्तनों के बदले नए बर्तन दे दिए। अगले दिन दोबारा फिर वही महिला आई और बोली कि तुम्हारे चांदी के गहने दे दो। तुझे कुछ पैसे और चांदी के जेवरात वापस लाकर दे देगी।
अगले दिन फिर वो औरत आई और उसे चांदी के जेवरात और कुछ बर्तन देकर चली गई। इसके बाद 28 अगस्त को वह महिला आई और कहा कि तुम्हारे पास सोने और चांदी के जो भी जेवरात है, वह सारे उसे दे दो। उसके बदले इस बार बड़ा इनाम देगी। उसने लालच में आकर उसको 2 कानों के झूमके, 2 जोड़ी नथली, 2 गले के लॉकेट, एक अंगूठी, पाजेब की जोड़ी तथा उसकी पड़ौसन सिवानी ने एक लॉकेट, 2 नथली, एक जोड़ी कानों की बाली, पाजेब की जोड़ी उक्त महिला को दे दी। महिला उन्हें खुद का मोबाइल नम्बर दे दी गई और कहा कि वह वापस 8-10 दिन में आएगी। महिला के जाने के कुछ देर बाद जब उन्होंने उसी मोबाइल नम्बर पर कॉल की तो उक्त महिला से बात हुई और उसने कहा कि वह जल्द लौटेगी। लेकिन अब वह मोबाइल नम्बर कई दिनों से बंद आ रहा है और न ही वह महिला वापस लौटी है। जांच अधिकारी एएसआई मोनिका ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में अज्ञात महिला के खिलाफ धोखाधड़ी कर जेवरात ऐंठने के आरोप में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।