रविवार को सुबह व सायं के सत्र में होगी परीक्षा
सुबह के सत्र में 60 परीक्षा केंद्रों में 16600 व सायं के सत्र में 51 परीक्षा केंद्रों में 14000 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
एडीसी ने प्रबंधों को लेकर अधिकारियों की ली बैठक
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। अतिरिक्त उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की तरफ से रविवार 26 सितंबर को सुबह व सायं के सत्रों में महिला व पुरुष उप निरीक्षक की लिखित परीक्षा होगी। इस परीक्षा को गंभीरता से लेकर नकल रहित व शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न करवाने में प्रशासन का सहयोग करना होगा। इस मामले में किसी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। एडीसी अखिल पिलानी शनिवार को लघु सचिवालय के सभागार में लिखित परीक्षा के प्रबंधों को लेकर अधिकारियों की एक बैठक को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले एडीसी अखिल पिलानी, एसडीएम नरेंद्र पाल मलिक, डीएसपी सुभाष कुमार, परीक्षा नियंत्रक ने महिला व पुरुष पुलिस उप निरीक्षक पद की लिखित परीक्षा को लेकर कुछ आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एडीसी ने कहा कि कुरुक्षेत्र के थानेसर, पिहोवा व शाहबाद में लिखित परीक्षा के लिए सेंटर बनाएं गए है।
इन सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध किए गए है। इन परीक्षा केंद्रों में केवल ड्यूटी करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को जाने की इजाजत होगी और कोई भी पुलिसकर्मी व एजेंसी के कर्मचारी को सेंटर के अंदर जाने की इजाजत नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र में परीक्षार्थियों को केवल एडमिट कार्ड व आई कार्ड ले जाने की इजाजत होगी। सभी की तलाशी ली जाएगी। इतना ही नहीं स्टाफ के सदस्यों को भी आई कार्ड के साथ अंदर जाने की इजाजत होगी। इसके साथ आयोग के नियमानुसार पेपर शुरु करवाना है और जो भी आदेश दिए गए है उनकी सख्ती से पालना करनी होगी। अगर किसी स्तर पर लापरवाही बरती गई तो नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी। सभी को मिलकर इस परीक्षा को पहले की तरह शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न करवाना होगा।
एसडीएम नरेंद्र पाल मलिक ने कहा कि पेपर खत्म होने के बाद ड्यूटी देने वाले शिक्षक को पूरी सावधानी के साथ काम करना होगा और नियमों की पालना करवानी होगी। इसके साथ सभी परीक्षा केंद्र पर एक घंटा पहले जैमर को शुरु किया जाएगा। डीएसपी सुभाष कुमार ने कहा कि पुलिस प्रशासन की तरफ से सुरक्षा व व्यवस्था के लिए पर्याप्त मात्रा में पुलिस कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। डीपीसी विनोद कोशिक ने कहा कि उप निरीक्षक की परीक्षा में सुबह के 9 बजे से 10.30 बजे तक के सत्र में थानेसर, पिहोवा व शाहबाद में कुल 60 सेंटर बनाए गए है इन केंद्रों में कुल 16600 परीक्षार्थी परीक्षा में बैठेंगे और सायं 3 बजे से 4.30 बजे तक के सत्र में थानेसर व शाहबाद में कुल 51 सेंटर बनाए गए है और इन सेंटरों में 14000 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इस दौरान आयोग के परीक्षा नियंत्रक ने भी कुछ आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर नगराधीश हरप्रीत कौर सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।