आर्यन/ न्यूज डेक्स संवाददाता कुरुक्षेत्र,27 जुलाई। पुलिस लाईन कुरुक्षेत्र में चतुर्थ श्रेणी के पद पर तैनात कर्मचारी सुलतान सिंह की होनहार बेटी ने मैडिकल संकाए में 92 प्रतिशत अंक लेकर अपने माता-पिता का नाम रोशन किया है। सुलतान सिंह पुलिस लाईन कुरुक्षेत्र में पेंटर के पद पर तैनात है। सुलतान सिंह के पास दो पुत्रियां और एक पुत्र है। इन तीन बच्चों में उज्जवल देवी सबसे बड़ी है। सुलतान सिंह का परिवार गांव बरास जिला करनाल में रहता है। उज्जवल देवी आर्य विद्या पीठ बस्थली की छात्रा रहीं हैं। जिसने अपनी कड़ी मेहनत के साथ मैडिकल संकाए 12 वीं की परीक्षा में 92 प्रतिशक अंक प्राप्त करके अपना तथा अपने माता-पिता का नाम रोशन किया है। पुलिस अधीक्षक आस्था मोदी ने इस होनहार छात्रा को अपने कार्यालय में बुलाकर बधाई देते हुए प्रशंसा पत्र व नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। पुलिस अधीक्षक ने इस होनहार बच्ची का उत्साहवर्धन करते हुए उसके स्वर्णिम भविष्य की कामना की। उन्होंने उज्जवला को अच्छी शिक्षा दीक्षा लेकर राष्ट्रसेवा के लिये काम करने के लिये प्रेरित किया। इस मौके पर उज्जवल के माता पिंकी देवी, पिता सुलतान सिंह, उप निरीक्षक भीम सिंह, पुलिस प्रवक्ता रोशन लाल, सहायक पुलिस प्रवक्ता मनजीत पांचाल व एसपीओ अनिल कुमार मौजूद रहे।