Home haryana हिसार निवासी विवाहिता का आरोप ‘पुलिस झूठे केस में फंसाकर कर रही परेशान’, गृह मंत्री अनिल विज ने डीएसपी के नेतृत्व में एसआईटी गठित कर जांच के निर्देश दिए

हिसार निवासी विवाहिता का आरोप ‘पुलिस झूठे केस में फंसाकर कर रही परेशान’, गृह मंत्री अनिल विज ने डीएसपी के नेतृत्व में एसआईटी गठित कर जांच के निर्देश दिए

by ND HINDUSTAN
0 comment

नप चुनावों में जीत के बाद कैथल और गोहाना से भाजपा पदाधिकारियों एवं नवनियुक्त चेयरपर्सन ने गृह मंत्री अनिल विज से आर्शीवाद लिया

गृह मंत्री विज ने अपने आवास पर विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों लोगों की समस्याओं को सुना और अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए*

न्यूज डेक्स संवाददाता

अंबाला। हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने मंगलवार अपने आवास पर प्रदेशभर से आए सैकड़ों लोगों की समस्याओं को सुना और अधिकारियों को कार्रवाई के दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके द्वारा भेजी गई शिकायतों पर प्राथिमकता से कार्रवाई की जाए जिससे जनता को न्याय मिले।हिसार निवासी विवाहिता महिला ने रोते हुए गृह मंत्री अनिल विज के समक्ष फरियाद लगाई कि उसके ससुराल पक्ष द्वारा उसके साथ मारपीट की गई जिस वजह से उसका छह माह का गर्भपात हुआ। इसके अलावा उसपर झूठा केस भी दायर किया गया। उसने बताया कि हिसार पुलिस उसे लगातार परेशान कर रही है। महिला की फरियाद पर गृह मंत्री अनिल विज ने मामले में डीएसपी के नेतृत्व में तीन सदस्यीय एसआईटी गठित करने एवं मामले की जांच अन्य जिला पुलिस से कराने के निर्देश दिए। मंत्री विज ने इसके अलावा अन्य लोगों की भी समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के दिशा-निर्देश दिए।

मंगलवार, गृह मंत्री विज के आवास पर निकाय चुनावों में जीत दर्ज करने वाली कैथल और गोहाना से नवनियुक्त चेयरपर्सन सहित भाजपा पदाधिकारियों ने उनसे मुलाकात की। कैथल से नगर परिषद की चेयरपर्सन सुरभि गर्ग के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक गुर्जर, सुरेश गर्ग, मुनीष, आदित्य बलविंद्र, संदीप गर्ग व अन्य पदाधिकारियों ने मंत्री विज से मुलाकात की। इसी प्रकार गोहाना से नगर परिषद चेयरपर्सन रजनी विरमानी के पति इंद्रजीत विरमानी, पूर्व एचपीएससी सदस्य डा. केसी भांगड़, डा. धर्मवीर, गुलशन विरमानी सहित अन्य पदाधिकारियों ने मुलाकात की। सभी पदाधिकारियों ने कहा कि निकाय चुनावों में भाजपा की जीत में गृह मंत्री अनिल विज की खास भूमिका रही है। उन्होंने कहा गृह मंत्री की कार्यशैली की प्रशंसा समूचे हरियाणा ही नहीं बल्कि पूरे देश में हो रही है जोकि उनके लिए गर्व की बात है।

सिरसा में गैर इरादत्तन हत्या मामले में एसआईटी गठित कर जांच के निर्देश दिए

सिरसा से आए लोगों ने गैर इरादत्तन हत्या मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की, जिसपर गृह मंत्री अनिल विज ने एसआईटी गठित कर मामले में जांच के निर्देश दिए। इसी तरह नारायणगढ़ में हत्या की कोशिश एवं मारपीट मामले में एक सप्ताह में जांच रिपोर्ट देने के निर्देश एसपी को दिए। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारी ने उसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने की शिकायत की जिसपर गृह मंत्री ने जांच रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। करनाल में जमीन पर कब्जे के मामले में गृह मंत्री विज ने डीसी करनाल को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसी तरह हिसार में मारपीट मामले में एसपी को, पंचकूला में मारपीट व धमकी देने के मामले में पुलिस कमिश्नर पंचकूला को दिशा-निर्देश दिए। कुरुक्षेत्र में दहेज उत्पीड़न के मामले में एसपी कुरुक्षेत्र से एक सप्ताह में कार्रवाई की जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके अलावा गृह मंत्री विज ने अन्य शिकायतों पर भी अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।  

बाल काव्य संग्रह ‘नन्हें पंख’ व पत्रिका ‘विद्यालय दर्पण’ का विमोचन

अम्बाला के राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय समलेहड़ी के विद्यार्थियों द्वारा बाल काव्य संग्रह ‘नन्हें पंख’ व विद्यालय पत्रिका ‘विद्यालय दर्पण’ का विमोचन गृह मंत्री अनिल विज ने स्कूल स्टाफ के साथ किया। काव्य-संग्रह “नन्हें पंख” में समलेहड़ी विद्यालय के ही छठी से 12वीं कक्षा के 88 बच्चों के द्वारा लिखी गई 101 कविताओं का संग्रह शामिल है। पत्रिका “विद्यालय दर्पण”  में विद्यालय के अनेक स्टाफ सदस्यों तथा 120 से भी अधिक विद्यार्थियों की कविताएं, कहानियां और लेख हिंदी, अंग्रेजी और पंजाबी भाषा में लिखे गए हैं। विद्यालय के 75 विद्यार्थियों द्वारा 75 स्वतंत्रता सेनानियों पर लेख लिखे जा रहे हैं जिसे पुस्तक के रूप में देने का कार्य संपादिका डॉ. शिवा द्वारा किया जा रहा है। विद्यालय के ही एक 12वीं कक्षा के विद्यार्थी नाम राजीव के द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों के स्केच भी स्वयं बनाए जा रहे हैं। इस अवसर पर प्रिंसिपल नरेश कुमार मोदगिल, वाइस प्रिंसिपल मीना पाराशर, पुस्तक की संपादिका डॉ. शिवा, पीजीटी बायोलॉजी मयंका, पीजीटी केमिस्ट्री हरप्रीत अनेजा आदि मौजूद रहे।

You may also like

Leave a Comment

NewZdex is an online platform to read new , National and international news will be avavible at news portal

Edtior's Picks

Latest Articles

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?