Home haryana भ्रष्टाचार पर पूर्ण लगाम के लिए आमजन का सहयोग अपेक्षित :- मुख्यमंत्री मनोहर लाल

भ्रष्टाचार पर पूर्ण लगाम के लिए आमजन का सहयोग अपेक्षित :- मुख्यमंत्री मनोहर लाल

by ND HINDUSTAN
0 comment

निर्माण कार्यों में पारदर्शिता के लिए बनाया इंजीनियरिंग वर्क्स पोर्टल

प्रदेश के हर जिला में स्थापित किए जा रहे है मेडिकल कॉलेज

80 प्रतिशत गांवों में 24 घंटे बिजली की आपूर्ति

उद्योग स्थापना में हरियाणा बना निवेशकों की पहली पसंद

राज्य के हर जिला का नेशनल हाई-वे से होगा जुड़ाव

रोहतक में बनाया गया पहला रेलवे एलिवेटिड ट्रेक

न्यूज डेक्स संवाददाता

रोहतक।  मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भ्रष्टाचार पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए आम जनता से सहयोग देने का आह्वान किया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल आज प्रदेश की जनता को करोड़ों रुपए की विकास परियोजनाओं की सौगात देने के उपरांत वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामले में राज्य सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिए सरकार ने अनेक कदम उठाए हैं। अगर जनता इस में सक्रिय सहयोग दे तो भ्रष्टाचार जैसी कुरीति का जड़ मूल से सफाया किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार अब इंजीनियरिंग के कार्यों पर फोकस करेगी। इसके लिए इंजीनियरिंग वक्र्स पोर्टल बनाया गया है, जिसके माध्यम से विभिन्न कार्यों के ठेके लिए जा सकेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने यह भी कहा कि सरकार क्वालिटी कंट्रोल अथॉरिटी भी बना रही है। इसके माध्यम से हर परियोजना की जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आमजन का आह्वान करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण परियोजनाओं के संबंध में जो भी खामियां अथवा भ्रष्टाचार नजर आए तो पोर्टल पर इसकी सूचना दें ताकि ऐसे मामलों की प्राथमिक जांच कराकर आगामी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार की निशानी को समाप्त करने के लिए ही हाल ही में नोएडा की दो बड़ी इमारतों को ध्वस्त किया गया है।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि वर्ष 2015 में की गई घोषणा के मुताबिक राज्य सरकार हर जिला में मेडिकल कॉलेज की स्थापना कर रही है। जल्द ही प्रदेश भर में एमबीबीएस की 3000 सीटों पर दाखिला आरंभ हो जाएगे, जिससे डॉक्टरों की कमी को पूरा किया जा सकेगा। शिक्षा का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हर 20 किलोमीटर की दूरी पर महाविद्यालय होने का कार्य भी लगभग पूरा हो चुका है। स्कूली शिक्षा में सुधार के लिए इस वर्ष 500 संस्कृति मॉडल स्कूल खोलने का लक्ष्य रखा गया है। हर घर में रसोई गैस कनेक्शन पहुंच चुका है। इसी प्रकार गांव व शहर में नल से जल पहुंचाया जा चुका है। अब राज्य सरकार ने पानी की मात्रा को बढ़ाने का संकल्प लिया है। प्रदेश के लगभग 80 प्रतिशत गांव में 24 घंटे बिजली की आपूर्ति हो रही है। आने वाले समय में हरियाणा पहला ऐसा राज्य होगा, जहां गांव में 24 घंटे बिजली उपलब्ध रहेगी। उद्योगों की स्थापना में निवेशक हरियाणा राज्य को प्राथमिकता दे रहे हैं। दिल्ली से नजदीक होने की वजह से हरियाणा को इसका लाभ मिल रहा है। लघु उद्योगों की स्थापना के संबंध में उन्होंने कहा कि सरकार एक ब्लॉक एक उत्पाद की नीति पर काम कर रही है। प्रदेश के 140 ब्लॉक में इस नीति पर काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि राज्य सरकार ने हरियाणा एक-हरियाणवी एक के नारे को सार्थक कर दिखाया है। प्रदेश के सभी 22 जिलों में विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास अथवा उद्ïघाटन किया गया है। 5 करोड़ तक के काम करवाने का अधिकार विधायक को दिया गया है। प्रदेश के सभी 90 हलकों में सडक़ों के नेटवर्क को मजबूत किया गया है। 17 नेशनल हाई-वे मंजूर हुए हैं, जिनमें से 7 पूरे हो चुके हैं। इस प्रकार हर जिला नेशनल हाईवे से जुड़ जाएगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि तालाब रिचार्जिंग का एक मजबूत स्रोत है। प्रदेश में लगभग 18000 तालाब है, इनमें से 6913 तालाब चयनित किए गए हैं, जिन का जीर्णोद्धार किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर अमृत सरोवर योजना पर भी प्रदेश में तालाबों पर कार्य किया जा रहा है। रोहतक के रेलवे एलिवेटेड ट्रैक का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस की तर्ज पर अन्य जिलों से भी मांग आ रही है।

हजारों करोड़ की सौगात दे चुके है मुख्यमंत्री मनोहर लाल :- डॉ. अमित अग्रवाल

मुख्यमंत्री मनोहर लाल के अतिरिक्त प्रधान सचिव एवं सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक डॉ अमित अग्रवाल ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल का स्वागत करते हुए कहा कि आज मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने लगभग 2010 करोड़ रुपए की लागत से प्रदेशभर की 170 परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित हो चुके हैं और पहले भी मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश की जनता को हजारों करोड़ रुपए की को योजनाओं की सौगात दी है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन कार्यक्रम कराने के पीछे सोच यही है कि समय व खर्च की बचत हो। इस अवसर पर सभी विकास परियोजनाओं पर आधारित फिल्म भी दिखाई गई।

मुख्यमंत्री ने बराबर विकास की अवधारणा को किया चरितार्थ :- सांसद रामचंद्र जांगड़ा

– ऑनलाइन सिस्टम से प्रशासनिक कार्यों में आई पारदर्शिता

स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एवं जिला के प्रशासनिक सचिव विकास गुप्ता व हरियाणा ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष मनीष कुमार ग्रोवर भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। 

राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि फॉरेन डायरेक्ट इन्वेस्टमेंट के मामले में हरियाणा देश में पहले नंबर पर है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने बिना किसी भेदभाव के सभी क्षेत्रों में बराबर विकास की अवधारणा को चरितार्थ करके दिखा दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने संदेश दिया था कि चाहे उनकी पार्टी का विधायक हो या ना हो लेकिन विकास के मामले में किसी भी हल्के से भेदभाव नहीं किया जाएगा। ऑनलाइन सिस्टम के माध्यम से हर क्षेत्र में पारदर्शिता लाने का प्रयास किया गया है। भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई जा रही है।

सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने कहा कि राज्य सरकार ने अन्य क्षेत्रों के साथ-साथ कृषि क्षेत्र पर विशेष फोकस किया है। किसानों को कम पानी व कम खाद्य वाली फसलों का उत्पादन करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। ऐसा करने पर उन्हें सब्सिडी दी जा रही है। जैविक कृषि को भी सरकार प्रोत्साहन दे रही है। मकसद यही है कि जमीन की उर्वरा शक्ति बरकरार रहे। उन्होंने कहा कि लोहारू हलके के सिवानी के पास लिफ्ट सिंचाई योजना के तहत पंप हाउस की मोटरों को बदलने का कार्य किया। इसके चलते जिन इलाकों में कृषि के लिए पानी नहीं पहुंच रहा था, वहां पानी पहुंचाया गया है। 

रामचंद्र जांगड़ा ने कहा कि उन्होंने गोहाना के विकास के लिए एक हजार करोड़ रुपए मुख्यमंत्री मनोहर लाल के माध्यम से खर्च करवाए हैं। गोहाना में ही दो पावर हाउस मंजूर करवाए गए थे, जो चालू हो चुके हैं। आज गोहाना उपमंडल के गांव महमूदपुर में 33 केवी सब स्टेशन का उद्घाटन भी किया गया है। अधिकारियों का आह्वान करते हुए सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने कहा कि सरकार की योजनाओं व नीतियों को जल्द क्रियान्वित करने का कार्य करें। परियोजनाओं में प्रयोग होने वाली सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। कार्यों पर पूर्ण निगरानी रखी जाए।

मुख्यमंत्री ने रोहतक की दो परियोजनाओं का किया शिलान्यास व उद्ïघाटन :-

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रोहतक की दो विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया। उद्घाटन कार्यक्रम में स्थानीय स्तर पर राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, हरियाणा ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता मनीष कुमार ग्रोवर तथा वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एवं रोहतक जिला के प्रशासनिक सचिव विकास गुप्ता मौजूद रहे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग द्वारा गांव कन्हैली में मल शोधन संयंत्र पर सौर ऊर्जा ग्रेड संचालित सूक्ष्म सिंचाई परियोजना का शिलान्यास किया। इस परियोजना से वेस्ट पानी का सदुपयोग किया जा सकेगा। सरकार ने शहर के गंदे पानी के शोधन के लिए गांव कन्हेली में 10 एमएलडी क्षमता का एसटीपी लगाया है। एसटीपी द्वारा साफ किए गए पानी को सूक्ष्म सिंचाई के तहत किसानों को उपलब्ध करवाया जाएगा। एसटीपी पर समुदाय आधारित सोलर ग्रिड से संचालित होने वाला सूक्ष्म सिंचाई ढांचा तैयार किया जाएगा। इस परियोजना पर लगभग 23 करोड़ 13 लाख रुपए की राशि खर्च की जाएगी।

एसटीपी से 3.06 क्यूसिक पानी सिंचाई के लिए उपलब्ध हो सकेगा। सूक्ष्म सिंचाई के लिए 45 एचपी एवं एक सौ एलपीएस क्षमता के पम्प लगाये जायेंगे। किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए 4715 मीटर लम्बी मुख्य लाइन बिछाई जायेगी। सोलर ग्रीड पॉवर पर आधारित समेकित सूक्ष्म सिंचाई परियोजना से मायना गांव के लगभग 300 किसान लाभांवित होंगे। उन्होंने बताया कि इस पानी से 1250 एकड़ अर्थात 506 हेक्टेयर भूमि की सूक्ष्म सिंचाई की जायेगी। ऐसा करने से नहर के 3.06 क्यूसिक शुद्घ जल की बचत होगी, जिसका अन्य कार्य के लिए सदुपयोग हो सकेगा तथा इस पानी से सिंचाई के बाद भूमि की उर्वरा शक्ति भी बढ़ेगी तथा इस परियोजना से सूक्ष्म सिंचाई को बढ़ावा मिलेगा, जो समय की मांग है तथा एसटीपी/डे्रन के पास खड़ा होने वाले पानी से पनपने वाली बीमारियों की समस्या का भी समाधान होगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सांपला में स्थापित की गई लघु मृदा परीक्षण प्रयोगशाला का उद्घाटन भी किया। यह प्रयोगशाला हर खेत स्वस्थ खेत की परिकल्पना को साकार करने का काम करेगी।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, हरियाणा ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष मनीष कुमार ग्रोवर, वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एवं जिला रोहतक के प्रशासनिक सचिव विकास गुप्ता, अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्र पाल, नगराधीश मोहित महाराणा के अलावा सिंचाई कृषि विभाग के अधिकारी मौजूद थे।

You may also like

Leave a Comment

NewZdex is an online platform to read new , National and international news will be avavible at news portal

Edtior's Picks

Latest Articles

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?