सांसद ने रेलवे रोड और सेक्टर 13 की तरफ से रेलवे स्टेशन का सौंदर्यीकरण करने के प्रोजेक्ट तैयार करने के दिए आदेश
रेलवे स्टेशन के नवीनीकरण अब तक खर्च किया जा चुका है 9 करोड़ का बजट
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। सांसद नायब सिंह सैनी ने कहा कि केंद्र सरकार ने कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन को वाराणसी रेलवे स्टेशन की तर्ज पर मॉडल रेलवे स्टेशन के रूप में चयनित किया है। इस योजना के अनुसार कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन को वाराणसी रेलवे स्टेशन की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट को केन्द्र सरकार ने अनुमति दे दी है और नए डिजाइन का खाका भी तैयार कर लिया गया है। अहम पहलू यह है कि केन्द्र सरकार की तरफ से अभी हाल में ही कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन का नवीनीकरण करने के लिए 11.15 करोड़ रुपए के बजट में से 9 करोड़ रुपए का बजट खर्च कर दिया गया है। फिलहाल इस नवीनीकरण के कार्य को रोककर नए डिजाइन के अनुसार विकसित करने की योजना पर कार्य शुरू कर दिया गया है।
सांसद नायब सिंह सैनी गत देर सायं उपायुक्त कार्यालय में राष्ट्रीय राजमार्गों, रेलवे के अधिकारियों की एक संयुक्त बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। इससे पहले सांसद नायब सिंह सैनी ने सीनियर सेक्शन इंजीनियर रेलवे जेके अरोडा, असिस्टेंट मैनेजर रेलवे जयप्रकाश, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की अधीक्षक अभियंता आदित्य राणा से कुरुक्षेत्र लोक सभा क्षेत्र में चल रहे प्रोजेक्ट के बारे में विस्तृत रिपोर्ट और फीडबैक ली। इस दौरान उपायुक्त शांतनु शर्मा और सांसद कार्यालय प्रभारी कैलाश ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सांसद ने कुरुक्षेत्र में 225 करोड़ रुपए की लागत से चल रहे एलिवेटेड ट्रैक पर चर्चा करते हुए कहा कि इस प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य 17 दिसंबर 2020 को शुरू किया गया था और इसका निर्माण कार्य जून 2023 तक पूरा कर लिया जाएगा।
सांसद ने कहा कि केन्द्र सरकार ने कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन को वाराणसी की तर्ज पर विकसित करने की योजना बनाई है इस योजना के अनुसार अब नवीनीकरण और सौंदर्यीकरण का नया डिजाइन तैयार किया गया है। इसकी अनुमति सरकार द्वारा जारी कर दी गई है लेकिन अभी हाल में जो निर्माण कार्य चल रहा था उसे बीच में ही रोका गया है ताकि नए डिजाइन के अनुसार निर्माण कार्य शुरू किया जा सके। सांसद ने अधिकारियों को आदेश दिए कि रेलवे रोड और सेक्टर 13 की तरफ से भी कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन का नवीनीकरण किया जाए क्योंकि अब सेक्टर 13 की तरफ भी अब आबादी हो गई है इसलिए दोनों तरफ का सौंदर्यीकरण और नवीनीकरण का कार्य किया जाए।
सरस्वती पुल के निर्माण पर एनएचआई की तरफ से खर्च किया जाएगा 5 करोड़ 40 लाख का बजट
सांसद नायब सिंह सैनी ने कहा कि जीटी रोड चिडिया घर के सामने सरस्वती पुल का निर्माण किया जाएगा। इस निर्माण कार्य पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की तरफ से 5 करोड़ 40 लाख का बजट खर्च किया जाएगा। इस पुल का निर्माण कार्य आगामी एक सप्ताह में शुरू कर दिया जाएगा। इस पुल का निर्माण कार्य 3 माह में पूरा कर लिया जाएगा।
जीटी रोड पर उमरी चौक पर बनेगा निकासी द्वार
सांसद ने कहा कि पिपली से लेकर उमरी चौक से आगे तक करीब 8 किलोमीटर जीटी रोड पर उमरी तक शहर में प्रवेश का कोई निकासी द्वार नहीं है। इसलिए उमरी चौंक से पहले निकासी द्वार बनाया जाए, यह निर्माण कार्य सूर्य ग्रहण और अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव से पहले बनाने का प्रयास किया जाए।
जीटी रोड पर करनाल और अंबाला पर महाभारत थीम पर बनेंगे प्रवेश द्वार
सांसद ने कहा कि करनाल की तरफ से और अंबाला की तरफ से जीटी रोड पर कुरुक्षेत्र प्रवेश करने पर महाभारत थीम पर आधारित 2 प्रवेश द्वार बनाने का प्रस्ताव है। इस प्रस्ताव को अमलीजामा पहनाने का काम किया जाए। इस प्रस्ताव पर एनएचएआई के अधिकारियों ने जवाब दिया कि उनके विभाग की तरफ से केवल एनओसी जारी की जाएगी। इन प्रवेश द्वारों का निर्माण कार्य राज्य सरकार के सम्बन्धित विभाग द्वारा किया जाएगा। सांसद ने कहा कि निर्माण कार्य के लिए एनओसी जारी की जाए ताकि केडीबी की तरफ से इन निर्माण कार्य को शुरू किया जा सके।
सूर्य ग्रहण से पहले कुरुक्षेत्र के जीटी रोड से प्रवेश द्वारों को किया जाए दुरूस्त
सांसद ने कहा कि जीटी रोड पर कई जगहों पर प्रवेश द्वार से ही निकासी का द्वार बना दिया गया है। इसमें पिपली चिड़ियाघर के आस-पास और ताऊ देवीलाल पार्क के समक्ष सशक्त उदाहरण है। इसलिए एनआईए के अधिकारी जीटी रोड पर प्रवेश द्वार को प्रवेश द्वार के रूप में विकसित करें ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के साथ-साथ ट्रैफिक व्यवस्था को बनाया जा सके।
अब जीटी रोड पर अवैध कटों को रोकने के लिए बनेगी आरसीसी की दीवारें
सांसद नायब सिंह सैनी ने कहा कि जीटी रोड पर अवैध कटों के कारण सड़क दुर्घटनाओं में इजाफा हो रहा है। इसलिए जीटी रोड पर अवैध कटों को बंद किया जाए। इस विषय पर एनएचएआई के अधिकारियों ने जवाब दिया कि सरकार की तरफ से जल्द ही कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र में जीटी रोड के सभी अवैध कटों को ठीक कर दिया जाएगा। इस बार आरसीसी की दीवारें बनाई जाएंगी ताकि इन दीवारों को कोई तोड़ ना सके। सांसद ने कहा कि आरसीसी की दीवार बनने के बाद जो भी व्यक्ति दीवारों को तोड़ने का प्रयास करें उनके खिलाफ 48 घंटों के अंदर कार्रवाई करनी सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही दीवारों के काम में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष फोकस रखा जाए।
जीटी रोड पर विभिन्न विकास कार्यों के लिए सरकार ने पारित किया 551 करोड़ रुपए का बजट
सांसद नायब सिंह सैनी ने कहा कि जीटी रोड पर सड़कों का निर्माण कार्य करने, सर्विस रोड को दुरुस्त करने, अवैध कटों को रोकने के लिए आरसीसी की दीवार बनाने, शहरों लाइटों की व्यवस्था करने के लिए केन्द्र सरकार ने 551 करोड़ रुपए का बजट पारित किया है। इस बजट में से ही कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत पडने वाले जीटी रोड पर निर्माण कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिपली और आस-पास के पुलों को छोड़कर शाहबाद और अन्य पुलों के नीचे बरसाती पानी की निकासी ना होने के कारण पानी भर जाता है और इससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड रहा है। इस पानी के निकासी के भी प्रबंध जल्द से जल्द किए जाएंगे।
गांव टीक के पास रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के दिए आदेश
सांसद नायब सिंह सैनी ने कहा कि कुरुक्षेत्र कैथल रोड पर गांव टीक के पास रेलवे लाईन के ऊपर पुल बनाने का कार्य चल रहा है। इस पुल निर्माण कार्य में कुछ तकनीकी और प्रशासनिक दिक्कत के कारण पुल निर्माण कार्य तेजी के साथ नहीं हो पाया है और अब इन सभी बाधाओं को दूर कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि आगामी 5 से 6 माह में इस पुल का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा और लोगों को राहत मिलेगी।
कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र के 11 अंडरपास को बारिश के पानी से बचाने के लिए कवर करने के दिए आदेश
सांसद ने कहा कि कुरुक्षेत्र लोक सभा क्षेत्र के कैथल,कुरुक्षेत्र और यमुनानगर के रादौर हल्का में 11 ऐसे रेलवे एंडर पास चिन्हित किए गए है जहां पर पानी आने पर बारिश आने पर पानी जमा हो जाता है और रास्ता बंद हो जाता है। उन्होंने इन सभी 11 रेलवे अंडरपास को बारिश से बचाने और कवर करने के आदेश दिए है।
कुरुक्षेत्र से जींद रेलवे मार्ग पर 2 ट्रेन चलाने के दिए आदेश
सांसद ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान कुरुक्षेत्र से जींद रेलवे मार्ग पर ट्रेन नम्बर 54039 व 54042 को बंद कर दिया गया था। अब करोना महामारी का प्रकोप लगभग समाप्त हो चुका है इसलिए इन दोनों ट्रेनों को फिर से शुरू किया जाए ताकि इस मार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों को सुविधा मिल सके।
कैथल रेलवे मार्ग पर फाटक नंबर 31 पर लोहाईट अंडरपास बनाने का दिया प्रस्ताव
सांसद ने कहा कि रेलवे विभाग की तरफ से कैथल में बनने वाले एलिवेटेड रेलवे ट्रैक की फिजिकल रिपोर्ट प्राप्त हुई है इस रिपोर्ट के अनुसार तकनीकी कारणों के अनुसार अभी प्रोजेक्ट सिरे नहीं चढ सकता। इसलिए सांसद ने कहा कि रेलवे फाटक नम्बर 31 पर लोहाईट अंडरपास का निर्माण किया जाए।