न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र, 12 अक्तूबर। कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डा. प्रद्युमन भटनागर ने कहा है कि चौ. चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में 13 और 14 अक्तूबर को वर्चुअल कृषि मेले का आयोजन किया जा रहा है। कोरोना काल के चलते इस बार वर्चुअल कृषि मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले में कुरुक्षेत्र जिले के हजारों किसान ऑनलाईन भाग लेंगें। वर्चुअल मेले का मुख्य विषय फसल अवशेष प्रबंधन रहेगा।
अब तक लगभग 35 हजार किसानों ने कृषि मेले से जुडऩे के लिए अपना रजिस्ट्रेशन करवाया है। इसके अलावा जिन किसानों ने अपना रजिस्ट्रेशन नही किया है वे किसान भी वर्चुअल कृषि मेले से जुड़कर कृषि से संबंधित जानकारी विशेषज्ञों से ले सकते हैं। डा. भटनागर ने बताया कि 13 अक्तूबर को दोपहर 12 बजे वर्चुअल मेले का शुभारंभ किया जाएगा।
13 अक्तूबर को 1:30 बजे से 3 बजे तक डा. राजबीर गर्ग, डा. विजय रानी व डा. मुकेश जैन फसल अवशेष प्रबंधन पर अपना संबोधन करेंगें। दोपहर बाद 3 से 4 बजे तक डा. एके पांड़े पशु डेयरी प्रबंधन पर अपना संबोधन देंगें। 4 बजे से 5 बजे तक डा. सुनील ढ़ांडा एवं एचएस सहारण किसानों से बातचीत करेंगें। इसके अलावा 14 अक्तूबर को भी विभिन्न विशेषज्ञ सुबह 10 बजे से 3 बजे तक अपना संबोधन देंगें।
इसके अलावा किसान, पशुपालक व गृहणियां वेबसाईट पर जाकर दिए गए फोन नंबरों पर विशेषज्ञों से विभिन्न विषयों पर बातचीत कर सकते हैं। डा. भटनागर ने बताया कि केविके में 20 किसानों के लिए ऑनलाईन कृषि मेले से जुडऩे की व्यवस्था की है।