राष्ट्रीय कृमि मुक्तिओ अभियान- पहला दिन
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र,12 अक्तूबर। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर आज लक्ष्य केंद्रित 173250 बच्चों और 7054 गैर गर्भवती और बिना दूध पिलाने वाली महिलाओं को कृमि नाशक एल्बेंडाजोल की गोली दी गई। यह गोली लोकनायक जयप्रकाश जिला नागरिक अस्पताल की ओपीडी में आए हुए बच्चों , महिलाओं और घर -घर जाकर दी गई ।
यह जानकारी जिला किशोर परामर्शदाता सोनिया सतीजा ने इस छह दिवसीय अभियान के पहले दिन का कार्यक्रम संपन्न होने के बाद दी। उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र जिला में 355000 बच्चों और 17600 महिलाओं को एल्बेंडाजोल की गोली दिए जाने का लक्ष्य है जिसमें से आज करीबन 39 फीसदी बच्चों और 40 फ़ीसदी महिलाओं को एल्बेंडाजोल गोली दी गई।
यह अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा।इस दौरान किसी कारणवश यदि कुछ बच्चे अथवा महिलाएं छूट गई है तो 18 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक मोप-अप सेशंस के दौरान यह गोली उन्हें दी जाएगी ताकि निर्धारित लक्ष्य हासिल किया जा सके और समाज को उसका समुचित लाभ हो सके।
लोकनायक जयप्रकाश जिला नागरिक अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक एवं फिजिशियन डॉक्टर शैलेंद्र ममगाईं शैली ने इस अवसर जनता को चेताया कि एल्बेंडाजोल नामक गोली खाली पेट नहीं ली जानी चाहिए ,इसके अलावा बुखार पीड़ित , अस्थि मज्जा विकार पीड़ित, पित्त की नली में रुकावट के रोगियोंऔर गुर्दा रोग से पीड़ित बच्चों अथवा महिलाओं को इस गोली का सेवन नहीं करना चाहिए।
इसके अलावा इस गोली का प्रभाव भी तभी होगा, जब इस गोली को खाने के बजाय चबाया जाएगा। उन्होंने जनता से अपील की कि वे भारत सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा चलाए गए इस अभियान का पूरा लाभ उठाएं।
गौरतलब है कि देश में बच्चों और महिलाओं में खून की कमी का सबसे बड़ा कारण पेट में कीड़ों का होना है और इस के इलाज के लिए यह चबाने वाली एल्बेंडाजोल नामक गोली कीड़ों को मारने में पूरी तरह सक्षम है यहां तक की फीता कृमि के दिमाग में पहुंचने पर होने वाली बीमारी न्यूरोसिस्टिसरकोसिस इलाज के लिए यह गोली दिन में दो बार 8 से 21 दिन तक दी जाती है और वह कीड़ा मौत के मुंह में समा जाता है और रोगी को सिर दर्द ,दौरे और अन्य दिमागी विकारों से निजात मिलती है।