एडीसी महेंद्रपाल ने किया शुभारंभ
न्यूज़ डेक्स संवाददाता
रोहतक । मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों व योजनाओं की जानकारी आमजन को प्रदान करने के लिए अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय में एलईडी स्क्रीन लगाई गई है। अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्रपाल ने आज विधिवत रूप से इसका शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि जिला विकास भवन में विभिन्न कार्यों के लिए रोजाना बड़ी संख्या में आमजन के अलावा अधिकारियों व कर्मचारियों का आवागमन रहता है, इन लोगों के लिए जिला विकास भवन के प्रथम तल पर वेटिंग एरिया बनाया गया है। इस एरिया में ही एलईडी स्क्रीन लगाई गई है। महेंद्रपाल ने कहा कि कार्य दिवसों के दौरान एलइडी स्क्रीन पर प्रात: 9 से सांय 5 बजे तक राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों व योजनाओं से संबंधित वीडियो क्लीप लगातार चलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि एलईडी स्क्रीन लगाने का मकसद यही है कि लोगों को प्रतीक्षा के दौरान सरकार की नीतियों व योजनाओं की जानकारी मिल सके ताकि वे इसका लाभ उठा सकें। इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विजय सिंह मलिक सहित विभिन्न अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।