न्यूज़ डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र । जिला बाल कल्याण परिषद कुरुक्षेत्र द्वारा चलाये जा रहे बाल भवन पब्लिक स्कूल में जीरो वेस्ट मिशन कुरूक्षेत्र के तहत बच्चों में वातावरण को स्वच्छ रखने, बीमारियों से बचाव व कूड़े का सही ढंग से नियंत्रण व पॉलीथिन के प्रयोग पर पाबंदी के बारे जागरूकता लाने के लिये एक सेमिनार का आयोजन किया गया। इस सेमिनार में कुरूक्षेत्र नर्सिग होम से डॉ सुभाष गर्ग ने कक्षा पहली से पांचवी तक के बच्चों को स्वच्छता के संबंध में मार्गदर्शन किया।
डॉ सुभाष गर्ग ने बताया कि हमें घर का कुडा बाहर सडक़ पर नहीं फैंकना चाहिये इससे हमारा वातावरण दूषित होता है तथा कई प्रकार की बीमारियां भी फैलती है। उन्होंने रसोईघर में प्रयोग किये जाने वाले फॉयल पेपर से होने वाले नुकसानों से भी अवगत कराया। उन्होंने कहा कि बच्चों को स्कूल में खाना लाने के लिये फॉयल पेपर की बजाय कपड़े का प्रयोग करना चाहिए। फलों व सब्जियों के कचरे को इकट्ठा करके उसका प्रयोग खाद बनाने में करना चाहिए। यह खाद पेड़-पौधों में डालना चाहिए, क्योंकि यह पेड़ पौधों के लिए लाभदायक होती है।
जिला बाल कल्याण अधिकारी नीलम राठी ने बच्चों को कचरे व पॉलीथिन से होने वाले नुकसान के बारे में बच्चों को अवगत कराया तथा फॉयल पेपर से कैंसर होने के खतरे से भी अवगत कराया। पॉलीथिन के रोकथाम के लिये उन्होंने कहा कि हमें बाजार से फल व सब्जियां लाते समय कपड़े के थैले का प्रयोग करना चाहिये क्योंकि पॉलीथिन में डाल कर फेंके गये खाने आदि को खाने से पशु आदि बीमार होते हैं । कई बार तो उनकी मृत्यु भी हो जाती है इसलिये पॉलिथीन का प्रयोग नहीं करना चाहिये। इसके अलावा डॉ साहब ने गायत्री मंत्र और उसके अर्थ के बारे में भी बच्चों को विस्तार से समझाया। प्रधानाचार्य स्वाति पाहवा ने मेहमानों का आभार व्यक्त किया।