उपहारों से प्राप्त धनराशि मुख्यमंत्री राहत कोष में होगी प्रयोग, पहले चरण में 51 उपहारों की जाएगी नीलामी
न्यूज़ डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र । विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपने जीवन में सादगी की एक और मिसाल प्रस्तुत करते हुए अपने विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान सामाजिक संस्थाओं या व्यक्तियों द्वारा सम्मान स्वरूप भेंट किए गए उपहारों को नीलाम करने का निर्णय लिया है। राज्य सरकार द्वारा कुछ दिन पहले ही इस उपहार पोर्टल का विधिवत शुभारंभ किया गया है।
विधायक सुभाष सुधा ने बातचीत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने जीवन में मिले उपहारों की नीलामी पोर्टल के माध्यम से की है। इससे मिली धनराशि को नमामि गंगे सफाई अभियान में लगाया। ऐसे में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच को आगे बढ़ाते हुए उपहारों से प्राप्त धनराशि मुख्यमंत्री राहत कोष में प्रयोग में लाने का निर्णय लिया है। बीते दिनों ऑनलाईन पोर्टल सीएमउपहारएचआरवाई.कॉम की शुरुआत हो गई है। यह पोर्टल 28 फरवरी 2023 तक खुला रहेगा। उसके बाद साल में तीन या चार बार पोर्टल को चरणबद्ध तरीके से दोबारा खोला जाएगा। उन्होंने बताया कि पहले चरण में 51 उपहारों की नीलामी की जाएगी। आमजन इस पोर्टल के माध्यम से मुख्यमंत्री को मिले उपहार खरीद सकते हैं।