जितेंद्र जीतू/ न्यूज डेक्स इंडिया
दिल्ली/जयपुर/हनुमानगढ़ । भारतीय वायुसेना का मिग-21 विमान हनुमानगढ़ जिला के घर पर गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई,इस हादसे में पायलट जख्मी हुआ है। प्राप्त जानकारी अनुसार भारतीय वायुसेना का एक मिग-21 विमान आज लगभग 9:45 पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस विमान ने सूरतगढ़ वायुसेना बेस से एक नियमित प्रशिक्षण परिचालन के लिए उड़ान भरी थी। इसके तुरंत बाद पायलट को आपात स्थिति का अनुभव हुआ, जिसके बाद उसने विमान को उपलब्ध प्रक्रिया के अनुसार ठीक करने का प्रयास किया इसमें विफल रहने के बाद उन्होंने विमान से बाहर निकलने की प्रक्रिया की शुरूआत की। इस प्रक्रिया में पायलट को मामूली चोट आई। पायलट को सूरतगढ़ बेस से करीब 25 किलोमीटर उत्तर पूर्व में बरामद किया गया।विमान का मलबा हनुमानगढ़ जिले के बहलोल नगर में एक घर पर गिर गया, जिससे दुर्भाग्यवश तीन लोगों की मृत्यु हो गई। भारतीय वायुसेना ने जान-माल के नुकसान पर खेद व्यक्त करते हुए, शोक-संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इनक्वायरी का गठन किया गया है।
राज्यपाल कलराज मिश्र ने मृत्यु पर शोक संवेदना व्यक्त की
राज्यपाल कलराज मिश्र ने हनुमानगढ़ जिले के बहलोल नगर इलाके में वायुसेना के मिग-21 विमान दुर्घटना में तीन लोगों की मृत्यु पर शोक संवेदना व्यक्त की है। राज्यपाल ने दिवंगतों की आत्मा की शांति एवं उनके परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। उन्होंने मिग-21 के पायलट एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए भी कामना की है।
मुख्यमंत्री ने हनुमानगढ़ हादसे पर व्यक्त की संवेदना
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हनुमानगढ़ के बहलोल नगर इलाके में भारतीय वायुसेना के मिग-21 विमान हादसे पर संवेदना व्यक्त की है। श्री गहलोत ने ईश्वर से दिवंगतजनों की आत्मा की शांति एवं परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने की कामना की है। उन्होंने मिग-21 के पायलट एवं अन्य घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की है।मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय वायुसेना के मिग-21 विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से हुए हादसे में 3 लोगों की मृत्यु दुखद है। मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री चिरंजीवी दुर्घटना बीमा से नियमानुसार सहायता राशि दी जाएगी।