केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, मणिपुर की शांति और समृद्धि हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है, उन्होंने अशांति फैलाने वाली सभी गतिविधियों के साथ सख्ती से निपटने के निर्देश दिए
केंद्रीय गृह मंत्री ने चूड़ाचांदपुर का दौरा किया और वहां नागरिक समाज संगठनों के प्रतिनिधियों और प्रमुख हस्तियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ बातचीत की
न्यूज़ डेक्स इंडिया
मणिपुर । केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने अपनी मणिपुर यात्रा के दूसरे दिन आज इंफाल में नागरिक समाज संगठनों के साथ व्यापक विचार-विमर्श किया। उन्होंने राजभवन में नाश्ते पर महिला नेताओं (मीरा पैबिस) के एक प्रतिनिधिमंडल से भी मुलाकात की। मणिपुर के समाज में महिलाओं की भूमिका के महत्व को दोहराते हुए श्री अमित शाह ने कहा कि हम सब मिलकर राज्य में शांति और समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए कटिबद्ध हैं।
विभिन्न समूहों ने शांति के प्रति कटिबद्धता व्यक्त की और आश्वासन दिया कि सब साथ मिलकर मणिपुर में सामान्य स्थिति बहाल करने का मार्ग प्रशस्त करने में योगदान देंगे। विभिन्न समूहों ने केन्द्रीय गृह मंत्री से मणिपुर में शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया।
केंद्रीय गृह मंत्री ने चूड़ाचंदपुर का दौरा किया और वहां प्रमुख हस्तियों और नागरिक समाज संगठनों के प्रतिनिधिमंडल के साथ बातचीत की। श्री अमित शाह ने बाद में शाम को इंफाल में एक सर्वदलीय बैठक की। गृह मंत्री ने मणिपुर पुलिस, केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, असम राइफल्स और सेना के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। श्री शाह ने कहा, मणिपुर की शांति और समृद्धि हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अशांति फैलाने वाली सभी गतिविधियों के साथ सख्ती से निपटने के निर्देश दिए।